
देहरादून: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आगामी देहरादून दौरे और मां डाट काली मनोकामना सिद्ध पीठ में उनकी प्रस्तावित पूजा-अर्चना को देखते हुए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। सुरक्षा एजेंसियों के निर्देश पर रविवार शाम से ही मंदिर में आम श्रद्धालुओं के प्रवेश पर पूर्णतः प्रतिबंध लगा दिया गया है, जो मंगलवार दोपहर 2 बजे तक जारी रहेगा।
रविवार को मंदिर परिसर में महंत रमन प्रसाद गोस्वामी के सुपुत्र शुभम गोस्वामी और संयम गोस्वामी की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। मंदिर समिति के सेवादार दिनेश अग्रवाल (टीटू भाई) और गौरव कुमार ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी मंगलवार को सिद्धपीठ में मां डाट काली के दर्शन करेंगे। प्रधानमंत्री के सुरक्षा प्रोटोकॉल को देखते हुए रविवार शाम 5 बजे से ही आम भक्तों का प्रवेश अस्थायी रूप से रोक दिया गया है।
मंगलवार दोपहर 2 बजे के बाद खुलेंगे द्वार
मंदिर समिति ने सभी श्रद्धालुओं से सहयोग की अपील की है। समिति के अनुसार:
- प्रतिबंध की अवधि: रविवार (शाम 5 बजे) से मंगलवार (दोपहर 2 बजे) तक।
- आंतरिक पूजा: इस दौरान मंदिर के पुजारी नित्य आरती और आंतरिक पूजा-अर्चना जारी रखेंगे, लेकिन आम जनता के लिए दर्शन बंद रहेंगे।
- भक्तों से अपील: भक्तजन मंगलवार दोपहर 2 बजे के बाद ही दर्शन, प्रसाद और हवन के लिए मंदिर पहुंचें।
आस्था का केंद्र है डाट काली मंदिर
देहरादून और सहारनपुर की सीमा पर स्थित मां डाट काली मंदिर करोड़ों लोगों की आस्था का केंद्र है। यहाँ न केवल सुबह-शाम की आरती में भारी भीड़ उमड़ती है, बल्कि लोग अपने नए वाहनों की पहली पूजा कराने के लिए भी विशेष रूप से यहाँ पहुँचते हैं। मंदिर में प्रतिदिन भंडारे का आयोजन भी होता है। सुरक्षा कारणों से अगले दो दिनों तक ये सभी गतिविधियां आम जनता के लिए स्थगित रहेंगी।
बैठक के दौरान आचार्य अनूप ममगाईं, आचार्य विजेंद्र थपलियाल, आचार्य प्रवीण जुयाल, वासु परविंदा, विक्की खत्री, शिवम गोयल और गोकुल परविंदा सहित मंदिर समिति के कई सदस्य उपस्थित रहे।
