
देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को राजधानी देहरादून के बल्लूपुर चौक पर आयोजित विशेष स्वच्छता अभियान में शिरकत की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने स्वयं झाड़ू लगाकर श्रमदान किया और नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।
सरकारी प्रयासों के साथ जनभागीदारी जरूरी
अभियान को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि स्वच्छता केवल सरकारी प्रयासों या नगर निगम की जिम्मेदारी से संभव नहीं है। इसमें जनभागीदारी का होना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने जोर देकर कहा कि स्वच्छता हमारे जीवन का अभिन्न हिस्सा होनी चाहिए।
मुख्यमंत्री ने कहा, “जब तक प्रत्येक नागरिक स्वेच्छा से इस दिशा में अपना योगदान नहीं देगा, तब तक समाज में स्थायी परिवर्तन संभव नहीं है। हमें अपने घर, मोहल्ले और शहर को स्वच्छ रखने की जिम्मेदारी स्वयं निभानी होगी।”
नगर निगम के प्रयासों की सराहना
मुख्यमंत्री ने इस अभियान के आयोजन के लिए नगर निगम देहरादून की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के जनभागीदारी आधारित कार्यक्रम समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि इस तरह के अभियान केवल विशेष अवसरों तक सीमित न रहें, बल्कि इन्हें नियमित रूप से चलाया जाए ताकि स्वच्छता के प्रति जनता में जागरूकता बनी रहे।
नागरिकों से की अपील
सीएम धामी ने देहरादून वासियों से अपील की कि वे अपने आसपास कूड़ा न फैलाएं और ‘देवभूमि’ की छवि को स्वच्छ बनाए रखने में सरकार का सहयोग करें। अभियान के दौरान स्थानीय लोग, निगम के कर्मचारी और भाजपा कार्यकर्ता भी बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
