
केदारनाथ (उत्तराखंड): विश्व प्रसिद्ध ग्यारहवें ज्योतिर्लिंग भगवान केदारनाथ धाम के कपाट आज सुबह 8:15 बजे (शुभ मुहूर्त) पूरे विधि-विधान और मंत्रोच्चारण के साथ श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए। कपाट खुलते ही पूरा मंदिर परिसर ‘हर-हर महादेव’ और ‘जय बाबा केदार’ के उद्घोष से गुंजायमान हो उठा। इस पावन और अद्भुत क्षण के साक्षी बनने के लिए देश-विदेश से हजारों श्रद्धालु धाम में मौजूद रहे।
प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी अपनी पत्नी गीता धामी के साथ इस विशेष अवसर पर केदारनाथ धाम पहुंचे। उन्होंने मुख्य मंदिर में बाबा केदार की विशेष पूजा-अर्चना की और प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा, “चारों धाम उत्तराखंड की आध्यात्मिक पहचान हैं। हमारी सरकार तीर्थयात्रियों को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित यात्रा का अनुभव कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। मैं स्वयं यात्रा व्यवस्थाओं की नियमित समीक्षा कर रहा हूँ ताकि किसी भी श्रद्धालु को कोई असुविधा न हो।” उन्होंने अधिकारियों को स्वास्थ्य, पेयजल, स्वच्छता और सुरक्षा व्यवस्थाओं को उच्च स्तर पर बनाए रखने के कड़े निर्देश दिए हैं।
धाम के कपाट खुलने के बाद पहली पूजा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम से संपन्न की गई। प्रधानमंत्री ने इस अवसर पर श्रद्धालुओं के नाम अपना संदेश भी भेजा और उनसे यात्रा के दौरान ‘पांच संकल्प‘ अपनाने की अपील की:
- स्वच्छता बनाए रखना।
- पर्यावरण का संरक्षण करना।
- सेवा और सहयोग की भावना रखना।
- स्थानीय उत्पादों (Vocal for Local) को बढ़ावा देना।
- यात्रा के नियमों और अनुशासन का पालन करना।
बाबा केदार के मंदिर को लगभग 51 क्विंटल भव्य फूलों से सजाया गया है, जो श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। कपाट खुलने की प्रक्रिया के दौरान आसमान से हेलीकॉप्टर द्वारा पुष्प वर्षा की गई, जिससे दृश्य और भी दिव्य हो गया। इस दौरान 8वीं सिखलाई रेजीमेंट के बैंड की मधुर धुनों और डमरू की गूंज ने पूरे वातावरण को शिवमय बना दिया।
इससे पहले, बाबा केदार की पंचमुखी चल विग्रह उत्सव डोली मंगलवार शाम को 17 किलोमीटर की कठिन पैदल यात्रा तय कर केदारपुरी पहुंची थी। ओंकारेश्वर मंदिर ऊखीमठ से शुरू हुई यह यात्रा जंगलचट्टी, रामबाड़ा, लिनचोली और बेस कैंप होते हुए धाम पहुंची। श्रद्धालुओं ने डोली का भव्य स्वागत किया और मंदिर की परिक्रमा के बाद इसे भंडार गृह में विराजमान किया गया था।
यात्रा के सुचारू संचालन के लिए पुलिस और आईटीबीपी (ITBP) के जवानों को तैनात किया गया है। कपाटोद्घाटन के समय बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी, पुजारी टी. गंगाधर लिंग, जिलाधिकारी विशाल मिश्रा, पुलिस अधीक्षक नीहारिका तोमर सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
कपाट खुलने के साथ ही अब केदारनाथ यात्रा का विधिवत आगाज हो गया है। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे मौसम का अपडेट लेकर और स्वास्थ्य नियमों का पालन करते हुए ही यात्रा शुरू करें।
