
तीन से चार घंटे की कटौती से त्राहि त्राहि, आमजन में आक्रोश
टीवी 10 इंडिया मीडिया नेटवर्क
सितारगंज। भीषण गर्मी के मौसम का आगाज होने के साथ ही बिजली की कटौती भी शुरू हो गई है। पिछले कई दिनों से रात को लगातार तीन से चार घंटे की अघोषित बिजली कटौती हो रही है। जिससे नगरवासियों में विद्युत विभाग के खिलाफ गहरा आक्रोश है।
इन दिनों दिन में चिलचिलाती धूप की तपिश झुलसा रही है। ऐसे में बिजली की आंख मिचौली से लोग परेशान हैं। रात को नौ बजे के बाद तो शहर में बत्ती गुल होने से अंधेरा पसर जाता है। ऐसे में गर्मी से त्राहि त्राहि मची है। लोग बेहाल हैं। नगरवासियों का कहना है कि सुबह से शाम तक समय समय पर बिजली की आंख मिचौली होती है। वहीं रात को नौ बजे से आधी रात तक बिजली गुल हो रही हैं। इससे भीषण गर्मी में जीना मुहाल हो गया है। नगरवासियों ने विद्युत विभाग से बिजली कटौती तत्काल बंद करने की मांग की है। इधर, यूपीसीएल के जेई महेंद्र कुमार ने बताया कि ग्रिड से रोस्टिंग के कारण कटौती हो रही है। रोस्टिंग बंद होने आपूर्ति पूर्व की तरह सुचारु हो जाएगी।
