
देहरादून, : उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के रायपुर थाना क्षेत्र में एक दिव्यांग युवक के साथ बेरहमी से मारपीट का मामला सामने आया है। ऋषि नगर में वाइन शॉप के बाहर हुई इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें कुछ युवक एक दिव्यांग को सड़क किनारे गिराकर लात-घूसों से बुरी तरह पीटते हुए दिखाई दे रहे हैं। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, यह घटना मंगलवार (9 जून) की रात करीब 10:15 बजे की है। रायपुर थाना क्षेत्र के ऋषि नगर स्थित एक वाइन शॉप के पास हरियाणा नंबर की दो अलग-अलग कारों में सवार होकर करीब 8 युवक पहुंचे थे। इस दौरान वहां मौजूद एक स्थानीय दिव्यांग युवक के साथ इन लोगों की किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों और शिकायत के अनुसार, बहस बढ़ने पर शराब के नशे में धुत आरोपियों ने दिव्यांग युवक पर हमला कर दिया। आरोपी उसे सड़क पर गिराकर लात-घूसों से तब तक पीटते रहे जब तक वह अधमरा नहीं हो गया। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी अपनी कारों में सवार होकर सहस्रधारा की तरफ फरार हो गए।
मारपीट की इस घटना में पीड़ित युवक को कई गंभीर चोटें आई हैं। पीड़ित ने रायपुर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। इसके साथ ही उसने पुलिस को अपना मेडिकल रिपोर्ट और घटना से जुड़ा वीडियो भी सौंपा है, जिसमें आरोपी युवक की बेरहमी से पिटाई करते साफ नजर आ रहे हैं। पीड़ित ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई और जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।
मामले की जानकारी देते हुए रायपुर थाना प्रभारी संजीत कुमार ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर हमलावरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने हमलावरों की पहचान कर ली है। उन्होंने बताया कि वारदात में इस्तेमाल कारें भले ही हरियाणा नंबर की हैं, लेकिन प्रारंभिक जांच के अनुसार उसमें सवार सभी आरोपी देहरादून के ही रहने वाले हैं। पुलिस टीम आरोपियों की धरपकड़ के लिए दबिश दे रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
