
चुनावी जीत की मन्नत: दक्षिण अफ्रीका में इस साल लोकल और 2029 में राष्ट्रपति चुनाव हैं, जुमा ने जीत के लिए प्रार्थना की।
- सपरिवार पहुंचे: पत्नी और परिजनों के साथ सिद्धपीठ श्री दक्षिण काली मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना की।
- हरिद्वार आने का संकल्प: जुमा ने मन्नत मांगते हुए कहा- दोबारा राष्ट्रपति बनते ही सबसे पहले हरिद्वार आकर मां काली की पूजा करूंगा।
हरिद्वार,। दक्षिण अफ्रीका के पूर्व राष्ट्रपति जैकब जुमा शुक्रवार को दिल्ली से सड़क मार्ग द्वारा धर्मनगरी हरिद्वार पहुंचे। यहां उन्होंने प्रसिद्ध सिद्धपीठ श्री दक्षिण काली मंदिर में सपरिवार विशेष पूजा-अर्चना कर मां काली के दर्शन किए। निरंजन पीठाधीश्वर आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी कैलाशानंद गिरि महाराज ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच जुमा की यह विशेष पूजा संपन्न कराई और उन्हें मां की चुनरी ओढ़ाकर सम्मानित किया।
2029 में शानदार जीत की उम्मीद, स्वामीजी ने दिया आशीर्वाद
पूजा-अर्चना के बाद मीडिया से बातचीत में जैकब जुमा ने हरिद्वार के आध्यात्मिक अनुभव को बेहद सकारात्मक और ऊर्जावान बताया। उन्होंने दक्षिण अफ्रीका में आगामी चुनावों में अपनी जीत का भरोसा जताया। स्वामी कैलाशानंद गिरि महाराज ने पूर्व राष्ट्रपति को विजयी होने का आशीर्वाद देते हुए कहा, “धर्म सत्ता के मार्गदर्शन से ही राजसत्ता को मानव कल्याण और विकास की प्रेरणा मिलती है। मां दक्षिण काली की कृपा से आगामी चुनाव में उन्हें शानदार जीत मिलेगी।”
दोबारा राष्ट्रपति बनते ही सबसे पहले आऊंगा हरिद्वार
स्वामी कैलाशानंद गिरि ने जानकारी देते हुए बताया कि दक्षिण अफ्रीका में इसी साल लोकल चुनाव होने हैं और वर्ष 2029 में राष्ट्रपति पद के लिए चुनाव हैं। इन दोनों ही चुनावों में सफलता का आशीर्वाद लेने के लिए वे मंदिर पहुंचे थे। जुमा ने वादा किया है कि राष्ट्रपति चुनाव जीतने के बाद वे अपनी पहली विदेश यात्रा के रूप में हरिद्वार आएंगे और मां भगवती काली की फिर से पूजा-अर्चना करेंगे।
विवादों और जेल यात्रा के बाद दोबारा वापसी की तैयारी
84 वर्षीय जैकब जुमा वर्ष 2009 से 2018 तक दक्षिण अफ्रीका के चौथे राष्ट्रपति रहे हैं। साल 2018 में भ्रष्टाचार और वित्तीय अनियमितताओं के गंभीर आरोपों के चलते उन्हें अपने पद से इस्तीफा देना पड़ा था, जिसके बाद उन्हें जेल की सजा भी काटनी पड़ी थी। वर्तमान में जुमा एक बार फिर राजनीतिक रूप से सक्रिय हो गए हैं और वर्ष 2029 में होने वाले राष्ट्रपति चुनावों की तैयारियों में जुटे हुए हैं।
