बदरीनाथ (उत्तराखंड): चारधाम यात्रा के अंतिम और प्रमुख पड़ाव, भगवान विष्णु के आठवें वैकुंठ बदरीनाथ धाम के कपाट कल, 23 अप्रैल को सुबह 6 बजकर 15 मिनट पर श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे। इसके साथ ही इस वर्ष की चारधाम यात्रा के चारों मुख्य धामों के दर्शन सुचारू हो जाएंगे।
केदारनाथ धाम में बाबा के दर्शन और कपाटोद्घाटन समारोह में शामिल होने के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी आज ही बदरीनाथ धाम पहुंच चुके हैं। वे कल सुबह कपाट खुलने के ऐतिहासिक अवसर पर मुख्य मंदिर में होने वाली विशेष पूजा-अर्चना में शामिल होंगे। उनके साथ बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी और अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित रहेंगे।
बदरी-केदार मंदिर समिति (BKTC) के मीडिया प्रभारी डॉ. हरीश गौड़ ने बताया कि गुरुवार प्रातः 4:30 बजे से कपाट खोलने की धार्मिक प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। मंदिर के मुख्य द्वार को ब्रह्म मुहूर्त में पूरे विधि-विधान और मंत्रोच्चारण के साथ खोला जाएगा।
कपाट खुलने के उत्सव से पूर्व आज भगवान के प्रतिनिधि उद्धव जी, कुबेर जी और आदि गुरु शंकराचार्य की गद्दी योगध्यान बदरी मंदिर, पांडुकेश्वर से बदरीनाथ धाम पहुंच गई है। इन देव डोलियों के धाम पहुंचते ही पूरी बदरीपुरी ‘जय बदरी विशाल’ के जयघोष से गूंज उठी।
डोलियों के साथ रावल अमरनाथ नंबूदरी, बीकेटीसी उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती, धर्माधिकारी स्वयंबर सेमवाल, वेदपाठी आचार्य रविंद्र भट्ट और नायब रावल सूर्य राग नंबूदरी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
बदरी-केदार पुष्प सेवा समिति, ऋषिकेश के सहयोग से बदरीनाथ मंदिर को भव्य रूप दिया गया है। मंदिर को करीब 25 क्विंटल फूलों से सजाया गया है। गेंदा, गुलाब और विभिन्न विदेशी फूलों की सजावट श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।
एक तरफ जहाँ बदरीनाथ के कपाट खुलने की तैयारी पूरी है, वहीं दूसरी ओर चारधाम यात्रा के लिए पंजीकरण का आंकड़ा 20 लाख के पार पहुंच गया है। गंगोत्री और यमुनोत्री धाम में मात्र तीन दिनों के भीतर 20 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने मत्था टेका है। प्रशासन ने बदरीनाथ धाम में भी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा और आवास के कड़े इंतजाम किए हैं।
मुख्य बिंदु: पुराना हलफनामा वापस लिया: राज्य सरकार ने हाईकोर्ट की रजिस्ट्री में दायर शपथ पत्र…
मुख्य बिंदु: पुराने आंकड़ों पर हाईकोर्ट की नाराजगी: मुख्य न्यायाधीश की खंडपीठ ने राज्य सरकार द्वारा…
मुख्य बिंदु: नदियां-नाले उफान पर: चमोली और रुद्रप्रयाग में मूसलाधार बारिश से मैदानी इलाकों में जनजीवन…
उत्तराखंड वन विभाग में राज्य वन सेवा संवर्ग (ACF) के 6 अधिकारियों के तबादले किए…
देहरादून। उत्तराखंड में चल रही विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया को लेकर राज्य में राजनीतिक पारा…
देहरादून:उत्तराखंड में समाज निर्माण और महिला सशक्तिकरण में उत्कृष्ट योगदान देने वाली महिलाओं को सम्मानित…