
टिहरी (उत्तराखंड): बद्रीनाथ धाम के दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं के लिए एक राहत भरी खबर आई है। उड़ान के दौरान विपरीत मौसम और हवा के भारी दबाव के कारण अनियंत्रित हो रहे एक हेलीकॉप्टर की टिहरी के सत्यो सकलाना (सुरकंडा मंदिर के नीचे) में सुरक्षित इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। महिला पायलट की त्वरित सूझबूझ और सही समय पर लिए गए निर्णय के चलते एक बड़ा हादसा टल गया और हेलीकॉप्टर में सवार सभी 6 यात्री पूरी तरह सुरक्षित हैं।
हवा के दबाव के चलते लिया गया फैसला
जानकारी के अनुसार, यह हेलीकॉप्टर बद्रीनाथ धाम से देहरादून की ओर जा रहा था। उड़ान के दौरान अचानक घाटी में हवाओं का दबाव अत्यधिक बढ़ गया, जिससे हेलीकॉप्टर को आगे ले जाना सुरक्षित नहीं था। यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोपरि रखते हुए पायलट ने तुरंत इमरजेंसी लैंडिंग का फैसला किया।
लैंडिंग के दौरान हेलीकॉप्टर का पिछला हिस्सा एक हाईटेंशन लाइन से मामूली रूप से स्पर्श हो गया, जिससे उसके पिछले हिस्से को कुछ नुकसान पहुंचा है। हालांकि, पायलट के नियंत्रण के कारण कोई गंभीर दुर्घटना नहीं हुई।
प्रशासन ने तुरंत संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासन की टीमें तुरंत मौके पर पहुंच गईं। सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालकर रेस्क्यू ऑपरेशन को सफलतापूर्वक पूरा किया गया। नागरिक उड्डयन विभाग और स्थानीय प्रशासन अब हादसे के तकनीकी कारणों की जांच कर रहे हैं।
सुचारू रूप से जारी है चारधाम यात्रा
उत्तराखंड में बद्रीनाथ धाम के कपाट बीते 23 अप्रैल से श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए हैं। तब से देश-विदेश से हजारों श्रद्धालु लगातार दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। इस घटना में सभी यात्रियों के सुरक्षित बच जाने पर श्रद्धालुओं और स्थानीय प्रशासन ने राहत की सांस ली है।
