देहरादून। डोईवाला क्षेत्र में सरकारी शिक्षिका सृष्टि कंडारी की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में देहरादून पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। शनिवार को पुलिस ने मुख्य आरोपी पति और ननद को हर्रावाला स्थित उनके निवास से गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में मृतका द्वारा मौत से पहले बनाया गया एक वीडियो पुलिस के हाथ लगा है, जिसे ससुराल पक्ष की प्रताड़ना का सबसे बड़ा और अहम साक्ष्य माना जा रहा है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने पहले ही सीओ डोईवाला वंदना वर्मा के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया था। शनिवार को पुलिस टीम ने हर्रावाला के लक्ष्मण एन्क्लेव स्थित आवास से मुख्य आरोपी पति सौरभ खत्री (सचिवालय में निजी सचिव) और ननद सुरभि खत्री उर्फ चारू को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है, जबकि नामजद सास परवीना देवी की भूमिका की जांच जारी है।
पुलिस के मुताबिक, 29 जुलाई को श्रीनगर (श्रीकोट, पौड़ी गढ़वाल) निवासी मृतका की मां सीमा कंडारी ने कोतवाली डोईवाला में तहरीर दी थी। उन्होंने आरोप लगाया था कि नवंबर 2025 में सृष्टि का विवाह सौरभ खत्री से हुआ था। शादी के बाद से ही ससुराल वाले दहेज की मांग को लेकर उसे प्रताड़ित कर रहे थे और इसी प्रताड़ना के चलते उसकी हत्या की गई। पुलिस ने तहरीर के आधार पर पति, ननद और सास के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 80(2) के तहत मुकदमा दर्ज किया था।
जांच के दौरान मृतका की मां सीमा कंडारी ने पुलिस को एक वीडियो सौंपा, जो सृष्टि ने घटना से ठीक पहले उन्हें भेजा था। वीडियो में सृष्टि ने रोते हुए बताया कि शादी के बाद से ससुराल पक्ष किस तरह लगातार उसका उत्पीड़न कर रहा था। पुलिस का कहना है कि यह वीडियो और गवाहों के बयान मामले में ठोस सबूत साबित हो रहे हैं।
मामले में सृष्टि के परिजनों ने ससुराल पक्ष पर अमानवीय प्रताड़ना के आरोप लगाए हैं। शिकायत के अनुसार, शादी के तीन महीने बाद जब सृष्टि के ससुर को दिल का दौरा पड़ा, तो ससुराल वालों ने एक पंडित के कहने पर सृष्टि को ‘मनहूस’ करार दे दिया। हाल ही में, घटना से तीन दिन पहले ससुर का निधन हो गया था, जिसके बाद सृष्टि पर मानसिक दबाव और ज्यादा बढ़ा दिया गया।
28-29 जुलाई को जब परिजनों का संपर्क सृष्टि से नहीं हो पाया, तो उन्होंने देहरादून में एक परिचित को उसके घर भेजा। वहां जाने पर पता चला कि सृष्टि अस्पताल में भर्ती है। जब तक परिजन श्रीनगर से देहरादून पहुंचे, तब तक सृष्टि दम तोड़ चुकी थी।
एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल का बयान:“मामले में गठित पुलिस टीम ने मुख्य आरोपी पति सौरभ खत्री और ननद सुरभि खत्री को गिरफ्तार कर लिया है। नामजद सास की भूमिका की भी गहनता से जांच की जा रही है। पुलिस के पास पर्याप्त और ठोस साक्ष्य मौजूद हैं, जिनके आधार पर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।”
बहादराबाद क्षेत्र में हादसा: गंगाजल लेकर लौट रहे कांवड़िए फ्लाईओवर के नीचे कर रहे थे विश्राम।…
कैबिनेट में जाएगा प्रस्ताव: राजकीय मेडिकल कॉलेजों के एमबीबीएस डॉक्टरों के लिए स्वास्थ्य विभाग ने बनाई…
11 अगस्त से 10 अक्टूबर 2026 तक रोक: मानसून के दौरान गुफा में सुरक्षा जोखिम और…
हाईकोर्ट के निर्देश: पर्यटन नगरी को ध्वनि प्रदूषण मुक्त बनाने के लिए जिला प्रशासन का बड़ा…
देहरादून। इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वन अकादमी (आईजीएनएफए), देहरादून के 2024 बैच के भारतीय वन सेवा (आईएफएस)…
SIT की कड़ी पूछताछ और CCTV फुटेज देखने के बाद मुख्य आरोपी ने स्वीकार की…