
देहरादून: उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के पॉश और वीआईपी इलाके डालनवाला में सुरक्षा व्यवस्था को धता बताते हुए एक चोर ने दिनदहाड़े मंदिर को निशाना बनाया। डालनवाला कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत दिलाराम बाजार स्थित श्री राधा कृष्ण मंदिर से शुक्रवार शाम को शिवलिंग पर लगा चांदी का छत्र चोरी हो गया। यह पूरी वारदात मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस ने मंदिर प्रबंधन की तहरीर पर अज्ञात चोर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
हाई-सिक्योरिटी जोन में चोरी से उठे सवाल
हैरानी की बात यह है कि जिस दिलाराम बाजार में यह वारदात हुई, वह शहर के सबसे सुरक्षित और व्यस्त इलाकों में से एक माना जाता है। घटनास्थल से कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी का सरकारी आवास महज 400 मीटर की दूरी पर स्थित है। इसके अलावा, राजभवन और मुख्यमंत्री आवास भी यहाँ से लगभग एक किलोमीटर की दूरी पर हैं। इस पूरे वीआईपी रूट पर चौबीसों घंटे पुलिस का कड़ा पहरा रहता है, इसके बावजूद चोर ने इतनी आसानी से वारदात को अंजाम दे दिया।
सीसीटीवी में कैद हुई चोर की करतूत
यह घटना शुक्रवार दोपहर करीब पौने पांच बजे की है, जब बाजार में लोगों की अच्छी-खासी आवाजाही थी। शाम के समय जब मंदिर के पुजारी राजेंद्र प्रसाद थपलियाल पूजा करने पहुंचे, तो उन्हें शिवलिंग से चांदी का छत्र गायब मिला। उन्होंने तुरंत इसकी सूचना मंदिर प्रबंधन समिति को दी। इसके बाद जब मंदिर में लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाला गया, तो उसमें एक अज्ञात चोर शिवलिंग पर लगे छत्र को उतारकर अपने कपड़ों में छिपाकर ले जाता हुआ दिखाई दिया।
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा, आरोपी की तलाश जारी
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मंदिर प्रबंधन से जुड़े अरविंद प्रसाद ने डालनवाला कोतवाली पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए अज्ञात आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
“मंदिर प्रबंधन की शिकायत पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के लिए घटनास्थल व आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।”— नरेंद्र सिंह गहलावत, प्रभारी, कोतवाली डालनवाला
