देहरादून: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के तहत युवाओं और छात्रों से सीधा संवाद करने के लिए शुक्रवार को देहरादून पहुंच चुके हैं। जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा गर्मजोशी से स्वागत किए जाने के बाद राहुल गांधी सबसे पहले कांग्रेस के वरिष्ठ और समर्पित कार्यकर्ता रहे दिवंगत अमर मेहता के निवास स्थान पहुंचे। उन्होंने दिवंगत नेता के परिजनों से मुलाकात कर गहरा दुख व्यक्त किया। राहुल गांधी ने परिवार को सांत्वना देते हुए इस कठिन समय में हर संभव साथ देने का भरोसा दिलाया।
कांग्रेस संगठन से लंबे समय तक जुड़े रहे 65 वर्षीय अमर मेहता पार्टी के लिए हमेशा सक्रिय रूप से काम करते रहे। कांग्रेस ने उनके निधन को संगठन के लिए एक बड़ी और अपूरणीय क्षति बताया है।बता दें कि गुरुवार को बन्नू स्कूल ग्राउंड में ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम की तैयारियों के दौरान एक दुखद हादसा हो गया था। कार्यक्रम के लिए जर्मन हैंगर स्ट्रक्चर खड़ा करते समय लोहे का एक भारी खंभा अचानक वहां खड़े अमर मेहता के सिर पर गिर गया। हादसे में वे गंभीर रूप से घायल हो गए, जिसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उन्हें तुरंत पास के सीएमआई (CMI) अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली।
‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के दौरान राहुल गांधी मंच से छात्रों को संबोधित करेंगे और उनके साथ सीधा संवाद स्थापित करेंगे। इस मंच पर केवल राहुल गांधी ही मौजूद रहेंगे। चूंकि कार्यक्रम स्थल का ग्राउंड छोटा है और इसमें युवाओं की भारी भीड़ जुटने की संभावना है, इसे ध्यान में रखते हुए पंडाल के भीतर छात्रों के लिए खड़े होने (स्टैंडिंग व्यवस्था) का विशेष प्रबंध किया गया है ताकि अधिक से अधिक छात्र कार्यक्रम का हिस्सा बन सकें।
पंडाल में व्यवस्थाओं को सुचारू बनाए रखने और छात्रों की सहायता के लिए कांग्रेस सेवादल को जिम्मेदारी सौंपी गई है। कार्यक्रम स्थल तक छात्रों को पहुंचने में कोई असुविधा न हो और वहां उन्हें किसी प्रकार की समस्या का सामना न करना पड़े, इसके लिए सेवादल के कार्यकर्ता तैनात रहेंगे। इसके अतिरिक्त, गर्मी और भीड़ को देखते हुए आयोजन स्थल पर पर्याप्त मात्रा में शुद्ध पेयजल की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है।
महानगर अध्यक्ष जसविंदर सिंह गोगी ने कार्यक्रम को लेकर जानकारी साझा करते हुए बताया कि राहुल गांधी के साथ संवाद करने के लिए युवाओं और छात्रों में भारी उत्साह है। यही कारण है कि अब तक 2.5 लाख से अधिक छात्रों ने इस कार्यक्रम के लिए अपना पंजीकरण कराया है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि व्यवस्था बनाए रखने के लिए पंडाल के मुख्य हिस्से में केवल उन्हीं छात्रों को प्रवेश दिया जाएगा, जिन्होंने पंजीकरण करवाया है। छात्रों की सुविधा के लिए कार्यक्रम स्थल पर विशेष हेल्प डेस्क बनाई जा रही हैं और जगह-जगह क्यूआर (QR) कोड भी लगाए गए हैं, ताकि जो छात्र पहले पंजीकरण नहीं करा पाए हैं, वे मौके पर ही क्यूआर कोड स्कैन कर अपना रजिस्ट्रेशन पूरा कर सकें।
सीएम धामी की बड़ी घोषणाएं: शहीदों के परिवारों को मिलने वाली अनुग्रह राशि 10 लाख…
देहरादून: उत्तराखंड की पुष्कर सिंह धामी सरकार ने देश की सेवा कर लौटने वाले अग्निवीर युवाओं…
देहरादून: उत्तराखंड में अगले कुछ दिन मौसम के लिहाज से बेहद संवेदनशील रहने वाले हैं। मौसम…
देहरादून: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को 'अमृत भारत स्टेशन योजना'के तहत देशभर के 75 पुनर्विकसित…
देहरादून: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को आयोजित 'युवा अग्निवीर संवाद' कार्यक्रम में…
देहरादून/चमोली: उत्तराखंड के प्रसिद्ध बदरीनाथ धाम मंदिर में चढ़ावे की चोरी और कथित हेराफेरी के…