
रुद्रप्रयाग: उत्तराखंड में केदारनाथ यात्रा के दौरान एक और दुखद घटना सामने आई है। केदारनाथ दर्शन के लिए आए गुजरात के एक बुजुर्ग यात्री की बुधवार सुबह अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। स्वास्थ्य विभाग ने प्राथमिक तौर पर मौत का कारण हृदय गति रुकना (हार्ट अटैक) बताया है।
मिली जानकारी के अनुसार, गुजरात के बड़ोदरा निवासी दिलीप भाई मनु माली (69 वर्ष) अपने परिजनों के साथ बाबा केदार के दर्शन के लिए आए थे। बुधवार सुबह केदारनाथ में अचानक उनकी तबीयत खराब हो गई। परिजन उन्हें आनन-फानन में केदारनाथ स्थित अस्पताल ले गए, लेकिन वहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
यात्री की मौत के बाद प्रशासन ने शव को केदारनाथ से हेलीकॉप्टर के जरिए गुलाबराय मैदान पहुंचाया। यहाँ से एम्बुलेंस के माध्यम से शव को जिला अस्पताल भेजा गया, जहाँ आवश्यक कानूनी प्रक्रिया और पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जाएगी।
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि यात्री की मौत की प्रारंभिक वजह हृदय गति रुकना प्रतीत हो रही है। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीम यात्रियों की सुरक्षा के लिए तैनात है, लेकिन अधिक ऊंचाई पर ऑक्सीजन की कमी और ठंड के कारण अक्सर हृदय संबंधी समस्याएं बढ़ जाती हैं।
केदारनाथ धाम की ऊंचाई और वहां की विषम भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे अपनी स्वास्थ्य जांच के बाद ही यात्रा शुरू करें। यदि किसी भी यात्री को सांस लेने में दिक्कत या घबराहट महसूस हो, तो वे तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करें।
