
हल्द्वानी: हल्द्वानी के बनभूलपुरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक युवती ने भाई से हुई मामूली कहासुनी के बाद बुधवार रात गौला पुल से नदी में छलांग लगा दी। हालांकि, वहां मौजूद स्थानीय लोगों की तत्परता और सूझबूझ से युवती को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। आनन-फानन में युवती को इलाज के लिए सुशीला तिवारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार चल रहा है।
जानकारी के अनुसार, मूल रूप से ऊधमसिंह नगर जिले के किच्छा निवासी एक व्यक्ति का परिवार बनभूलपुरा के इंदिरानगर छोटी रोड क्षेत्र में किराए का कमरा लेकर रहता है। यह परिवार करीब पांच दिन पहले ही यहां रहने आया था। बुधवार शाम को जब 20 वर्षीय युवती घर में खाना बना रही थी, इसी दौरान उसका अपने भाई के साथ किसी बात को लेकर विवाद हो गया।
भाई से हुई कहासुनी के बाद युवती काफी आहत हो गई और गुस्से में घर से निकल गई। परिजनों ने शुरुआत में भाई-बहन की इस नोकझोंक को सामान्य समझा और इस पर ध्यान नहीं दिया। लेकिन युवती गुस्से में चोरगलिया रोड स्थित गौला पुल पर पहुंच गई और रात करीब आठ बजे उसने नदी में छलांग लगा दी।
युवती को नदी में कूदते देख वहां मौजूद लोगों ने तुरंत शोर मचा दिया। लोग तत्काल नदी की ओर दौड़े और बहादुरी का परिचय देते हुए कुछ ही देर में युवती को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इसके बाद तत्काल उसे अस्पताल पहुंचाया गया।
घटना की सूचना मिलने पर बनभूलपुरा कोतवाली के उपनिरीक्षक (एसआई) गगनदीप सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि परिजनों से की गई प्राथमिक पूछताछ में भाई-बहन के बीच मामूली कहासुनी होने की बात सामने आई है। पुलिस फिलहाल मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
