
रुड़की: हरिद्वार जिले के रुड़की में स्थित एक निजी बैंक्वेट हॉल में भारतीय किसान यूनियन (तोमर) द्वारा एक विशाल महापंचायत का आयोजन किया गया। इस महापंचायत में सैकड़ों की संख्या में किसान शामिल हुए। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष संजीव तोमर ने उत्तराखंड पुलिस की कार्यप्रणाली और सरकार की नीतियों पर सवाल उठाते हुए आगामी 28 जुलाई को देहरादून स्थित डीजीपी कार्यालय के घेराव का ऐलान किया।
31 सूत्रीय मांगों को लेकर होगा प्रदर्शन
महापंचायत को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष संजीव तोमर ने कहा कि संगठन अपनी 31 सूत्रीय मांगों को लेकर 28 जुलाई को हजारों किसानों के साथ देहरादून में डीजीपी कार्यालय का घेराव करेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में पुलिस का व्यवहार किसानों और आम जनता के प्रति संतोषजनक नहीं है। अधिकारियों द्वारा आम लोगों की शिकायतों को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा है, जिससे जनता में नाराजगी बढ़ रही है।
कार्यकर्ता की बेटी की कथित दहेज हत्या का उठाया मुद्दा
संजीव तोमर ने भगवानपुर क्षेत्र में बीती 23 जून को संगठन के एक कार्यकर्ता की बेटी की कथित दहेज हत्या का मामला प्रमुखता से उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस ने घटना के करीब दस दिन बाद मुकदमा दर्ज किया और अब तक आरोपियों के खिलाफ कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है। इसके साथ ही उन्होंने प्रदेश में अवैध पशु कटान पर पूरी तरह रोक लगाने, उत्तराखंड को नशा मुक्त बनाने और सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति को धरातल पर लागू करने की मांग भी दोहराई।
पुलिस की कार्यप्रणाली पर राष्ट्रीय सचिव ने उठाए सवाल
संगठन के राष्ट्रीय सचिव तालिब हसन ने भी पुलिस प्रशासन पर मनमाने ढंग से काम करने का आरोप लगाया। उन्होंने बताया कि इसी साल मई के महीने में उनकी दुकान पर उनके बेटे के ऊपर गोली चलाई गई थी, जिसका सीसीटीवी फुटेज भी उपलब्ध है। पुलिस ने शुरुआत में गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था, लेकिन बाद में पर्याप्त साक्ष्य होने के बावजूद उन धाराओं को हटा दिया गया। तालिब हसन ने कहा कि पुलिस की इस मनमानी और ढुलमुल कार्यप्रणाली के विरोध में ही 28 जुलाई को देहरादून में बड़ा प्रदर्शन किया जाएगा।
