UTTARAKHAND

अक्षय तृतीया पर गंगोत्री और यमुनोत्री के कपाट खुलने के साथ चारधाम यात्रा का शंखनाद; सीएम धामी ने पीएम मोदी के नाम कराई पहली पूजा

उत्तरकाशी/बड़कोट: उत्तराखंड की विश्वप्रसिद्ध चारधाम यात्रा का रविवार को अक्षय तृतीया के पावन पर्व पर भव्य आगाज हो गया। वैदिक मंत्रोच्चार और पारंपरिक धार्मिक अनुष्ठानों के साथ गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट देश-विदेश के श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए हैं। यात्रा के पहले ही दिन अटूट आस्था का नजारा देखने को मिला, जहाँ करीब 15 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने दोनों धामों में दर्शन किए।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी स्वयं इस ऐतिहासिक पल के साक्षी बनने गंगोत्री धाम पहुंचे। हर्षिल हेलीपैड से सड़क मार्ग द्वारा धाम पहुंचने के बाद सीएम धामी ने हजारों श्रद्धालुओं के साथ कपाटोद्घाटन समारोह में भाग लिया। ठीक 12:15 बजे गंगोत्री धाम के द्वार खुलते ही पूरा परिसर ‘मां गंगे’ के जयकारों से गूंज उठा। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम से पहली विशेष पूजा संपन्न करवाई और देश की समृद्धि की कामना की।

चारधाम की परंपरा के अनुसार, शनिवार को मां गंगा की उत्सव डोली मुखवा (मुखीमठ) से रवाना हुई थी। 14वीं राजपूताना राइफल्स के आर्मी बैंड की देशभक्ति और भक्तिपूर्ण धुनों के बीच डोली ने भैरव मंदिर में रात्रि विश्राम किया और रविवार सुबह गंगोत्री पहुंची। यहाँ श्री गणेश पंचांग पूजन और श्री गंगा सहस्त्रनाम पाठ के बाद कपाट खोले गए।

दूसरी ओर, यमुनोत्री धाम के लिए मां यमुना की डोली उनके भाई शनि सोमेश्वर देवता की अगवानी में सुबह 8:30 बजे खरसाली (खुशीमठ) से रवाना हुई। आईटीबीपी (ITBP) के बैंड की मधुर धुनों और पारंपरिक वाद्य यंत्रों के बीच श्रद्धालु झूमते-गाते यमुनोत्री पहुंचे। यहाँ हवन-पूजन के बाद निर्धारित शुभ लग्न में दोपहर 12:35 बजे यमुनोत्री मंदिर के कपाट खोले गए।

इस पावन अवसर पर सरकार और प्रशासन के तमाम बड़े चेहरे मौजूद रहे। गंगोत्री में सीएम के साथ कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा, विधायक सुरेश चौहान, पूर्व विधायक विजयपाल सजवाण, डीएम प्रशांत आर्य और एसपी कमलेश उपाध्याय मौजूद रहे। वहीं, यमुनोत्री में विधायक संजय डोभाल, पूर्व विधायक केदार सिंह रावत और जिला पंचायत अध्यक्ष रमेश चौहान सहित कई गणमान्य व्यक्तियों ने व्यवस्थाओं का जायजा लिया और दर्शन किए।

कपाट खुलते ही उत्तरकाशी जनपद के दोनों धामों में श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लग गईं। स्थानीय प्रशासन के अनुसार, सुरक्षा और सुविधा के कड़े इंतजाम किए गए हैं ताकि श्रद्धालुओं को सुगम दर्शन हो सकें। गंगोत्री और यमुनोत्री के कपाट खुलने के साथ ही अब प्रदेश में चारधाम यात्रा की रौनक बढ़ गई है, और आने वाले दिनों में केदारनाथ व बदरीनाथ के कपाट खुलने के साथ ही यात्रा और गति पकड़ेगी।

Tv10 India

Recent Posts

उत्तराखंड में कल भारी बारिश की चेतावनी: देहरादून, चमोली और बागेश्वर में ऑरेंज अलर्ट; 7 जिलों में यलो अलर्ट जारी

देहरादून (उत्तराखंड) :मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून ने बृहस्पतिवार (6 अगस्त) को उत्तराखंड के अधिकांश हिस्सों…

6 hours ago

उत्तराखंड में सरकारी और वन भूमि से अतिक्रमण हटाने पर हाईकोर्ट सख्त: मुख्य सचिव को 2 हफ्ते में जवाब देने के निर्देश, हलफनामा भी होगा दाखिल

नैनीताल (उत्तराखंड) :उत्तराखंड में वन भूमि, राष्ट्रीय राजमार्गों, राजकीय राजमार्गों और राजस्व भूमि पर हुए…

6 hours ago

धराली आपदा की पहली बरसी: गीता पाठ के साथ 101 पौधे रोपकर दी श्रद्धांजलि; 115 घर हुए थे तबाह

उत्तरकाशी (उत्तराखंड) :उत्तरकाशी के धराली में 5 अगस्त 2025 को आई विनाशकारी आपदा को आज…

7 hours ago

हरिद्वार कांवड़ यात्रा: गंगा के तेज बहाव में देवदूत बनी SDRF, 22 शिवभक्तों की बचाई जान; बिछड़े परिवारों का सहारा बनी पुलिस

हरिद्वार (उत्तराखंड)हरिद्वार में चल रहे कांवड़ मेले में शिवभक्तों का जनसैलाब उमड़ पड़ा है। अब…

9 hours ago

उत्तराखंड में 10 अगस्त तक भारी बारिश का अलर्ट

मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून ने राज्य के लिए 10 अगस्त तक का मौसम पूर्वानुमान जारी…

1 day ago