
देहरादून: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को मुख्यमंत्री आवास में ‘उत्तराखंड क्षत्रिय कल्याण समिति, देहरादून’ की आधिकारिक वेबसाइट लॉन्च की और समिति की स्मारिका ‘क्षत्रिय जागरण’ का औपचारिक विमोचन किया। इस दौरान उन्होंने समिति के सदस्यों को बधाई दी और उनके सामाजिक प्रयासों की सराहना की।
विमोचन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि समिति समाज को जागरूक करने और जरूरतमंद लोगों तक मदद पहुँचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। उन्होंने कहा कि समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर आगे बढ़ने से ही प्रदेश के चहुंमुखी विकास को एक नई दिशा दी जा सकती है।
मुख्यमंत्री धामी ने समाज के सर्वांगीण विकास में शिक्षा को सबसे महत्वपूर्ण स्तंभ बताया। उन्होंने समिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों से आह्वान किया कि वे बच्चों की शिक्षा पर विशेष ध्यान दें, उन्हें बेहतर अवसर उपलब्ध कराएं और विभिन्न क्षेत्रों में आगे बढ़ने के लिए लगातार प्रोत्साहित करें।
सीएम ने इस बात पर विशेष जोर दिया कि शिक्षा के साथ-साथ बच्चों में संस्कार, अनुशासन और सामाजिक उत्तरदायित्वों की भावना विकसित करना भी अनिवार्य है, ताकि वे भविष्य में एक जिम्मेदार नागरिक बनकर समाज और राष्ट्र निर्माण में अपना बहुमूल्य योगदान दे सकें।
