
देहरादून। राजधानी देहरादून के ग्रामीण और दूरदराज इलाकों में रहने वाले हृदय (Heart) रोगियों के लिए अच्छी खबर है। जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त पहल से अब मरीजों को हार्ट के इलाज और जांच के लिए दून या कोरोनेशन अस्पताल के धक्के नहीं खाने पड़ेंगे। स्वास्थ्य विभाग ने प्रेमनगर और रायपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (CHC) पर विशेषज्ञ हृदय रोग ओपीडी (Cardiology OPD) शुरू कर दी है, जहां मामूली शुल्क पर जांच और परामर्श की सुविधा मिल रही है।
खबर की 3 अहम बातें:
- कब मिलेगी सुविधा: प्रेमनगर CHC में हर बुधवार और रायपुर CHC में हर शुक्रवार (सुबह 10 से दोपहर 1 बजे तक) ओपीडी चलेगी।
- सस्ती जांच: इन केंद्रों पर हार्ट के मरीजों को अब मात्र 150 रुपए में ईसीजी (ECG) जांच की सुविधा मिलेगी।
- मरीजों को फायदा: पछवादून और परवादून क्षेत्र के लोगों का समय और पैसा बचेगा, साथ ही बड़े अस्पतालों में भीड़ कम होगी।
अब गांव के पास ही मिलेगा विशेषज्ञ इलाज
पहले ग्रामीण क्षेत्रों के हार्ट पेशेंट्स को छोटी-छोटी जांच या डॉक्टर के परामर्श के लिए शहर के मुख्य अस्पतालों (दून अस्पताल और कोरोनेशन अस्पताल) की दौड़ लगानी पड़ती थी। वहां लंबी लाइनों में लगने से मरीजों का पूरा दिन बर्बाद होता था और आर्थिक खर्च भी बढ़ता था। इस परेशानी को देखते हुए अब प्रेमनगर और रायपुर सीएचसी सेंटर में ही यह विशेष ओपीडी शुरू की गई है।
अब तक 35 से ज्यादा मरीजों की हुई ECG
इस नई पहल का असर भी दिखने लगा है। दोनों अस्पतालों (प्रेमनगर और रायपुर) में अब तक 35 से अधिक हृदय रोगियों की सफलतापूर्वक ईसीजी जांच की जा चुकी है। मात्र 150 रुपए में जांच होने से मरीजों को निजी पैथोलॉजी लैब के महंगे खर्च से भी बड़ी राहत मिली है।
बड़े अस्पतालों से कम होगा दबाव
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों का मानना है कि इस व्यवस्था से जहां एक तरफ पछुवादून और परवादून के स्थानीय लोगों को घर के पास इलाज मिल रहा है, वहीं दूसरी तरफ दून और कोरोनेशन जैसे जिला अस्पतालों पर मरीजों का भारी दबाव (Load) भी कम होगा। इससे गंभीर मरीजों को मुख्य अस्पतालों में बेहतर और त्वरित इलाज मिल सकेगा।
