
देहरादून: उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में वाहनों के वीआईपी (VIP) और फैंसी नंबर हासिल करना लोगों के लिए स्टेटस सिंबल बन चुका है। अपनी गाड़ियों पर खास नंबर लगाने की चाहत में लोग लाखों रुपये खर्च करने से भी पीछे नहीं हट रहे हैं। परिवहन विभाग द्वारा हाल ही में आयोजित ऑनलाइन नीलामी में ‘UK 07 HP 0001’ नंबर ने अब तक के सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए। देहरादून निवासी हरजिंदर सिंह ने अपनी नई लग्जरी मर्सिडीज GLS (Mercedes GLS) कार के लिए इस नंबर को 13 लाख 91 हजार रुपये की सबसे ऊंची बोली लगाकर अपने नाम किया।
‘0003’ नंबर के लिए भी लगाई 9 लाख से अधिक की बोली
हरजिंदर सिंह ने केवल एक ही नहीं, बल्कि अपनी दूसरी गाड़ी के लिए भी फैंसी नंबर हासिल करने में बड़ी रकम खर्च की। उन्होंने ‘UK 07 HP 0003’ नंबर को 9 लाख 4 हजार रुपये में खरीदा, जो ‘0003’ सीरीज के लिए अब तक की सबसे बड़ी बोली है। इससे पहले ‘UK 07 HJ 0003’ नंबर 4 लाख 87 हजार रुपये में नीलाम हुआ था।
वहीं, ‘0001’ नंबर का पिछला ऑल-टाइम रिकॉर्ड पिछले साल ‘UK 07 HC 0001’ के नाम था, जो 13 लाख 77 हजार रुपये में बिका था।
आरटीओ ने की पुष्टि
देहरादून के आरटीओ संदीप सैनी ने बताया कि UK 07 HP सीरीज के कुल 27 नंबरों की ऑनलाइन नीलामी की गई थी। इस नीलामी में ‘UK 07 HP 0001’ के लिए 13.91 लाख रुपये और ‘UK 07 HP 0003’ के लिए 9.04 लाख रुपये की सबसे ऊंची बोलियां लगाकर हरजिंदर सिंह ने दोनों वीआईपी नंबर अपने नाम किए हैं।
वीआईपी नंबर लेने के नियम और घटता ‘0786’ का क्रेज
- नियम व बेस प्राइज: परिवहन विभाग के नियमों के अनुसार, ‘0001’ और ‘0786’ नंबर की ऑनलाइन नीलामी में शामिल होने के लिए न्यूनतम बेस प्राइज (धरोहर राशि) 1 लाख रुपये तय है। इसके अलावा अन्य पसंदीदा नंबरों के लिए न्यूनतम कीमत 25 हजार और 10 हजार रुपये निर्धारित है।
- 0786 का क्रेज खत्म: एक समय बेहद लोकप्रिय रहने वाले ‘0786’ नंबर का क्रेज अब दून में खत्म होता नजर आ रहा है। 1 लाख रुपये के बेस प्राइज वाले इस नंबर को पिछले एक साल से किसी ने बुक नहीं कराया है और इस बार की नीलामी में भी इस नंबर पर किसी ने दांव नहीं लगाया।
UK 07 HP सीरीज के अन्य नंबरों पर लगी बोलियां:
नीलामी में अन्य कई नंबर भी लाखों रुपये में बिके:
- UK 07 HP 0005: ₹3,95,000
- UK 07 HP 0002: ₹3,50,000
- UK 07 HP 0008: ₹1,86,000
- UK 07 HP 0009: ₹1,08,000
- UK 07 HP 7000: ₹1,05,000
- UK 07 HP 0006: ₹27,000
- UK 07 HP 7777: ₹26,000
