
धनौल्टी: उत्तराखंड में चारधाम यात्रा के दौरान आज एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। नगुन-सुवाखोली-देहरादून मोटरमार्ग पर नागराजा धार के पास यात्रियों से भरा एक टेम्पो ट्रैवलर (HR 65A0859) ब्रेक फेल होने के कारण अनियंत्रित होकर पहाड़ी से जा टकराया। वाहन में कुल 23 यात्री सवार थे, जो बाल-बाल बच गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, वाहन की रफ्तार और मोड़ पर अचानक ब्रेक फेल होने से स्थिति भयावह हो गई थी। गनीमत रही कि वाहन सड़क के बाहर खाई की तरफ न जाकर अंदर की ओर पहाड़ी से टकराकर नाली में फंस गया। अगर वाहन खाई की ओर पलटता, तो एक भीषण त्रासदी हो सकती थी। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई, जिसे सुनकर स्थानीय लोग और राहगीर मदद के लिए दौड़े।
दिल्ली से गंगोत्री जा रहे थे यात्री
थाना छाम की मठियाली चौकी प्रभारी शिवशंकर उनियाल ने बताया कि टेम्पो ट्रैवलर में सवार सभी 23 यात्री दिल्ली के रहने वाले हैं। ये सभी 30 अप्रैल की शाम दिल्ली से गंगोत्री के लिए निकले थे और रात को मसूरी में विश्राम के बाद बुधवार सुबह आगे की यात्रा पर रवाना हुए थे। चालक जगजीत सिंह (निवासी कुरुक्षेत्र, हरियाणा) ने पूछताछ में बताया कि अचानक ब्रेक फेल होने के कारण गाड़ी पर से नियंत्रण खो गया और अनहोनी को टालने के लिए वाहन को पहाड़ी की ओर मोड़ना पड़ा।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई और रेस्क्यू
हादसे की सूचना दोपहर करीब 2:10 बजे पुलिस को ‘112’ के माध्यम से मिली। सूचना मिलते ही थाना छाम पुलिस टीम के एसआई शिवशंकर उनियाल, एसआई मनवीर, कांस्टेबल गंभीर तोमर, अमरेश और भगवान सिंह मौके पर पहुँचे।
- घायलों की मदद: पुलिस ने तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया और हादसे में घायल 5 यात्रियों को 108 एम्बुलेंस की मदद से नजदीकी अस्पताल चिन्यालीसौड़ पहुंचाया।
- यात्रियों की रवानगी: बाकी यात्रियों को पुलिस ने दूसरे वाहनों की व्यवस्था कर उनके सामान के साथ सुरक्षित चिन्यालीसौड़ भेजा, जहाँ उनका प्राथमिक उपचार और देखभाल की गई।
सुरक्षित गंतव्य की ओर रवाना
पुलिस प्रशासन ने सभी यात्रियों से बातचीत की और उनके लिए वैकल्पिक वाहन का प्रबंध कर उन्हें उनके गंतव्य की ओर रवाना कर दिया है। घायलों की स्थिति फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि पहाड़ी रास्तों पर चलने से पहले वाहनों की मैकेनिकल जांच जरूर करवा लें।
