
टीवी 10 इंडिया मीडिया नेटवर्क
रुद्रपुर। आम जनमानस की सेहत से खिलवाड़ करने वाले फल और सब्जी विक्रेताओं के खिलाफ खाद्य सुरक्षा विभाग ने कमर कस ली है। आयुक्त सचिन कुर्वे के निर्देशों पर शनिवार को रुद्रपुर की मुख्य सब्जी मंडी में विभाग की टीम ने औचक छापेमारी की। इस दौरान फलों को कृत्रिम रूप से पकाने और सब्जियों में अप्राकृतिक रंगों की मिलावट की जांच हेतु सैंपल भरे गए। विभाग की इस कार्रवाई से मंडी के व्यापारियों में हड़कंप मचा रहा।
पांच सर्विलांस नमूने जांच के लिए भेजे
उपायुक्त (खाद्य संरक्षा) कुमांऊ मंडल, डॉ. राजेंद्र सिंह कठायत के नेतृत्व में पहुंची टीम ने थोक व फुटकर विक्रेताओं के प्रतिष्ठानों का सघन निरीक्षण किया। वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्रीमती अपर्णा साह और खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्रीमती आशा आर्या ने मंडी से आम, सेब, संतरा, खरबूजा और गाजर का एक-एक (कुल 05) सर्विलांस नमूना एकत्र किया। अधिकारियों ने बताया कि इन नमूनों को राजकीय विश्लेषणशाला भेजा गया है, जिसकी रिपोर्ट आने के बाद दोषियों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
बिना लाइसेंस दुकान चलाने पर नोटिस
निरीक्षण के दौरान नियमों की अनदेखी करने वालों पर भी गाज गिरी। मंडी में एक विक्रेता बिना FSSAI लाइसेंस और पंजीकरण के खाद्य पदार्थ बेचता पाया गया, जिसे मौके पर ही नोटिस थमाया गया। सहायक आयुक्त ललित मोहन पाण्डे ने स्पष्ट किया कि बिना वैध लाइसेंस के व्यापार करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
कैल्शियम कार्बाइड पर सख्त पाबंदी
अधिकारियों ने व्यापारियों को सख्त हिदायत दी कि:
फलों को पकाने के लिए प्रतिबंधित कैल्शियम कार्बाइड का प्रयोग कतई न करें।
केवल FSSAI द्वारा अनुमोदित एथिलीन राइपनर (Ethylene Ripener) का ही इस्तेमाल किया जाए।
सब्जियों को ताज़ा दिखाने के लिए उनमें किसी भी प्रकार के अप्राकृतिक रंगों का प्रयोग दंडनीय अपराध है।
जनता से अपील: कटे फल खरीदने से बचें
खाद्य विभाग ने आम जनता से भी सतर्क रहने की अपील की है। अधिकारियों ने कहा कि बाजार में पहले से कटे हुए फल और सब्जियां न खरीदें, क्योंकि इनमें संक्रमण का खतरा सबसे अधिक होता है। साथ ही, घर लाने पर फल-सब्जियों को अच्छी तरह धोकर ही इस्तेमाल करें ताकि ऊपरी रसायनों का असर खत्म हो सके।
टीम में ये रहे शामिल:
इस विशेष अभियान दल में उपायुक्त डॉ. राजेंद्र सिंह कठायत, सहायक आयुक्त ललित मोहन पाण्डे, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी अपर्णा साह और खाद्य सुरक्षा अधिकारी आशा आर्या समेत अन्य कर्मचारी शामिल रहे। विभाग ने संकेत दिए हैं कि जनहित में यह चेकिंग अभियान आगे भी जारी रहेगा।
