
मुखबा (उत्तरकाशी) | चारधाम यात्रा के पावन अवसर पर शनिवार को मां गंगा की भोगमूर्ति विग्रह डोली अपने शीतकालीन प्रवास मुखबा गांव से गंगोत्री धाम के लिए रवाना हो गई। आर्मी बैंड की धुनों और ‘जय मां गंगे’ के उद्घोष के बीच दोपहर 12:15 बजे अभिजीत मुहूर्त में डोली ने प्रस्थान किया। इस दौरान अपनी धियाण (बेटी) स्वरूपा गंगा को विदा करते समय ग्रामीणों की आंखें नम हो गईं।
खबर के मुख्य बिंदु:
- अभिजीत मुहूर्त: शनिवार दोपहर 12:15 बजे मुखबा गांव से डोली हुई रवाना।
- कल खुलेंगे कपाट: रविवार (अक्षय तृतीया) को दोपहर 12:15 बजे श्रद्धालुओं के लिए खोले जाएंगे गंगोत्री धाम के कपाट।
- भावुक विदाई: ग्रामीणों ने स्थानीय फाफरे का भोग और ‘कल्यो’ (पाथेय) देकर मां गंगा को विदा किया।
- रूट: 7 किमी का जोखिम भरा पैदल रास्ता पार कर आज रात भैरो घाटी में विश्राम करेगी डोली।
परंपरा: बेटी की तरह विदा किया, रास्ते के लिए दिया ‘कल्यो’
मुखबा गांव के ग्रामीणों के लिए यह दिन बेहद भावुक होता है। ग्रामीण मां गंगा को अपनी बेटी की तरह मानते हैं। मंदिर समिति के अध्यक्ष धर्मानंद सेमवाल ने बताया कि परंपरा के अनुसार, ग्रामीणों ने गंगा को स्थानीय फसल ‘फाफरे’ का भोग लगाया। साथ ही, अगले छह महीने के प्रवास के लिए ‘कल्यो’ (कंडा और अर्से) भेंट किया। इस विशेष अवसर के लिए देश-विदेश में रह रहे गांव के लोग भी मुखबा पहुंचे हैं।
आज भैरो घाटी में होगा रात्रि विश्राम
आर्मी बैंड और ढोल-दमांऊ की अगुवाई में डोली तीर्थ पुरोहितों और सैकड़ों श्रद्धालुओं के साथ मुखबा से जांगला के 7 किलोमीटर लंबे जोखिम भरे मार्ग से होते हुए भैरो घाटी पहुंचेगी। शनिवार की रात डोली भैरो मंदिर में ही विश्राम करेगी।
रविवार का कार्यक्रम: अक्षय तृतीया पर महा-अभिषेक
रविवार सुबह डोली भैरो घाटी से गंगोत्री धाम के लिए रवाना होगी। धाम पहुंचने के बाद विशेष पूजा-अर्चना और वैदिक मंत्रोच्चार किया जाएगा। इसके बाद दोपहर 12 बजकर 15 मिनट पर अक्षय तृतीया के शुभ अवसर पर मंदिर के कपाट अगले छह माह के लिए खोल दिए जाएंगे।
