रुद्रपुर में पार्षदों और कार्यकर्ताओं ने थाली बजाकर किया प्रदर्शन, केंद्र सरकार के खिलाफ की नारेबाजी
टीवी 10 इंडिया मीडिया नेटवर्क
रुद्रपुर: केंद्र सरकार द्वारा कमर्शियल गैस सिलेंडरों के दामों में की गई भारी वृद्धि के खिलाफ कांग्रेस ने मोर्चा खोल दिया है। शुक्रवार को कांग्रेस पार्षदों और कार्यकर्ताओं ने काशीपुर बायपास स्थित गैस एजेंसी के बाहर सिलेंडरों को हाथों में उठाकर और थाली बजाकर जोरदार प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि बढ़ी हुई कीमतें वापस नहीं ली गईं तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।
महंगाई की मार: छोटे व्यापारियों पर पड़ेगा सीधा असर
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि कमर्शियल सिलेंडर में 993 रुपये और 5 किलो वाले छोटे सिलेंडर में 261 रुपये की बढ़ोतरी करना जनविरोधी कदम है। वरिष्ठ नेताओं ने आरोप लगाया कि इस वृद्धि का सीधा असर चाय, चाट, भोजनालय और होटल चलाने वाले छोटे व्यापारियों पर पड़ेगा। लागत बढ़ने से अंततः आम जनता की जेब पर ही बोझ पड़ेगा।
थाली बजाकर जताया विरोध
कांग्रेस कार्यकर्ता काशीपुर बायपास स्थित इंडियन गैस एजेंसी के सामने एकत्रित हुए। यहाँ कार्यकर्ताओं ने सरकार की नीतियों के खिलाफ विरोध स्वरूप थाली बजाई और गैस सिलेंडरों को हवा में उठाकर नारेबाजी की। वक्ताओं ने कहा कि जनता पहले से ही कमरतोड़ महंगाई से त्रस्त है और अब गैस के दामों ने आम आदमी का बजट पूरी तरह बिगाड़ दिया है।
ये रहे मौजूद
प्रदर्शन में मुख्य रूप से वरिष्ठ कांग्रेस नेता मोहनखेड़ा, संजय जुनेजा, मोनिका ढाली, गौरव खुराना, इंद्रजीत सिंह और दिनेश पंत शामिल रहे। इनके अलावा सौरव राज बेहड़, सुहेल खान, जितेश शर्मा, राकेश अधिकारी, सौरभ शर्मा, राकेश कोली, उमर अली, विकास विश्वास, अमनप्रीत सिंह, सागर छाबड़ा, बाबू अहमद खान, आशित बाला, अशोक राय, अर्जुन विश्वास, अनंत विश्नोई, दिलशाद अहमद, विक्रमजीत सिंह और निशांत शाही आदि थे।
