
व्यापार मंडल अध्यक्ष बोले- छोटे कारोबारियों की कमर टूटी, आंदोलन की दी चेतावनी
टीवी 10 इंडिया मीडिया नेटवर्क
गैस सिलेंडरों की कीमतों में हुई अप्रत्याशित वृद्धि ने व्यापारियों की चिंता बढ़ा दी है। कमर्शियल गैस सिलेंडर के दामों में 993 रुपये की भारी बढ़ोतरी पर व्यापार मंडल के अध्यक्ष संजय जुनेजा ने तीखा आक्रोश व्यक्त किया है। उन्होंने इस फैसले को व्यापारियों के लिए ‘डेथ वारंट’ बताते हुए कहा कि इससे न केवल कारोबार प्रभावित होगा, बल्कि आम जनता की थाली भी महंगी हो जाएगी।
छोटे कारोबारियों पर बंदी का खतरा
व्यापार मंडल अध्यक्ष संजय जुनेजा ने दो टूक कहा कि होटल, रेस्टोरेंट, और चाट-टिक्की के ठेले लगाने वाले छोटे व्यापारियों के लिए यह वृद्धि किसी बड़े झटके से कम नहीं है। उन्होंने कहा, “पहले से ही बढ़ती महंगाई और घटती आमदनी से जूझ रहे व्यापारियों के लिए अब धंधा बचाना मुश्किल हो रहा है। अगर कीमतें वापस नहीं ली गईं, तो कई इकाइयां बंदी के कगार पर पहुंच जाएंगी।”
‘छोटू’ सिलेंडर भी हुआ भारी
संजय जुनेजा ने केवल बड़े सिलेंडर ही नहीं, बल्कि 5 किलो वाले ‘छोटू’ सिलेंडर की कीमतों में हुई 261 रुपये की बढ़ोतरी पर भी गहरी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि यह सीधे तौर पर निम्न वर्ग, मजदूरों और शहर में रहकर नौकरी करने वाले युवाओं की जेब पर डाका है। इससे उनके मासिक बजट का संतुलन पूरी तरह बिगड़ जाएगा।
आम जनता पर पड़ेगा सीधा असर
प्रेस को जारी बयान में जुनेजा ने आगाह किया कि गैस के दाम बढ़ने का असर केवल व्यापारियों तक सीमित नहीं रहेगा। जब लागत बढ़ेगी, तो खाद्य पदार्थों के दामों में भी भारी बढ़ोतरी होगी। चाय के कप से लेकर होटल की थाली तक, सब कुछ महंगा होने से हर वर्ग प्रभावित होगा।
मुख्य बिंदु:
कमर्शियल सिलेंडर: ₹993 की वृद्धि।
छोटू सिलेंडर (5 किलो): ₹261 की वृद्धि।
प्रभावित वर्ग: होटल, रेस्टोरेंट, रेहड़ी-पटरी संचालक और निम्न आय वर्ग।
मांग: बढ़ी हुई कीमतों को तत्काल वापस लेने की अपील।
………..वर्जन
“सरकार इस जनविरोधी बढ़ोतरी को तुरंत वापस ले, अन्यथा व्यापारी सड़कों पर उतरकर उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।”
— संजय जुनेजा, अध्यक्ष, व्यापार मंडल
