
नैनीताल। सरोवर नगरी नैनीताल के कलेक्ट्रेट पार्किंग क्षेत्र में सोमवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब एक कार के अंदर वरिष्ठ अधिवक्ता पूरन सिंह भाकुनी का शव संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुआ। शुरुआती जांच के अनुसार, अधिवक्ता ने अपनी ही पिस्टल से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली है।
जानकारी के अनुसार, अधिवक्ता की कार कलेक्ट्रेट परिसर की पार्किंग में खड़ी थी। अचानक कार के भीतर से गोली चलने की आवाज आई, जिसे सुनकर आसपास मौजूद लोग मौके पर दौड़े। लोगों ने देखा कि कार के भीतर अधिवक्ता लहूलुहान अवस्था में पड़े थे और उनके सिर पर गोली लगी थी। पार्किंग संचालक ने तत्काल इसकी सूचना अन्य अधिवक्ताओं और पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और कार का शीशा तोड़कर जांच शुरू की। पुलिस को कार के अंदर अधिवक्ता के हाथ में पिस्टल और डैशबोर्ड पर एक सुसाइड नोट मिला है। सुसाइड नोट में अधिवक्ता ने अपनी गंभीर बीमारी का जिक्र करते हुए लिखा है कि वह अब “जिंदगी की गाड़ी नहीं खींच पा रहे हैं।”
भावुक कर देने वाले इस नोट में उन्होंने कुमाऊं आयुक्त, जिलाधिकारी (DM) और एसएसपी (SSP) से अपील की है कि उनके जाने के बाद उनकी पत्नी का ख्याल रखा जाए और उन्हें संभाला जाए, ताकि वह कोई गलत कदम न उठा लें।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मौके पर फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है, जो कार के भीतर से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटा रही है।
एसपी डॉ. जगदीश चंद्र ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया, “पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। घटनास्थल से बरामद सुसाइड नोट और फोरेंसिक रिपोर्ट के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। प्रथम दृष्टया यह मामला बीमारी से परेशान होकर आत्महत्या का लग रहा है।”
इस दुखद घटना के बाद नैनीताल के अधिवक्ता समुदाय और स्थानीय लोगों में शोक की लहर है।
