
नैनीताल | उत्तराखंड के नैनीताल जिले के धारी विकासखंड से एक दर्दनाक खबर सामने आई है। सोमवार (27 अप्रैल) को दुदली गांव के पास एक मैक्स वाहन अनियंत्रित होकर करीब 50 फीट गहरी खाई में जा गिरा। इस हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हैं। हादसा इतना भीषण था कि वाहन के परखच्चे उड़ गए।
हादसे की बड़ी बातें:
- कहां हुआ हादसा: धारी विकासखंड का दुदली गांव।
- हताहत: 2 की मौत, 4 घायल।
- वजह: स्थानीय लोगों के अनुसार सड़क की बदहाली और गड्ढे।
- रेस्क्यू: पुलिस और ग्रामीणों ने मिलकर घायलों को खाई से बाहर निकाला।
मृतकों की पहचान हरीश बेलवाल और लता शर्मा के रूप में हुई है। इस हादसे का सबसे दुखद पहलू यह रहा कि मृतक हरीश बेलवाल अपने बेटे सुभाष और बेटी नेहा के साथ बाजार से सामान लेकर गांव लौट रहे थे। हादसे में पिता की मौत हो गई, जबकि दोनों बच्चे जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रहे हैं।
पुलिस और ग्रामीणों ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया और सभी 6 लोगों को खाई से निकालकर सड़क तक लाया गया। उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) पदमपुरी ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने हरीश बेलवाल और लता शर्मा को मृत घोषित कर दिया।
घायलों को हल्द्वानी हायर सेंटर रेफर किया गया
CHC पदमपुरी के डॉक्टर हिमांशु कांडपाल ने बताया कि हादसे में घायल नेहा बेलवाल, कमल शर्मा, सुभाष बेलवाल और दिनेश शर्मा को प्राथमिक उपचार देने के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए हल्द्वानी के हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
ग्रामीणों में भारी आक्रोश: “सड़क के गड्ढों ने ली जान”
हादसे के बाद इलाके के लोगों में प्रशासन के खिलाफ भारी गुस्सा है। ग्रामीणों का कहना है कि दुदली गांव की यह सड़क लंबे समय से बदहाल है। सड़क पर जगह-जगह जानलेवा गड्ढे बने हुए हैं, जिसकी वजह से गाड़ी बेकाबू हुई। स्थानीय लोगों ने मांग की है कि प्रशासन जल्द से जल्द सड़क की मरम्मत कराए ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।
