
देहरादून/विकासनगर: उत्तराखंड में बीते कुछ दिनों से जारी निहंग सिखों के विवाद के बीच पुलिस-प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद और सतर्क हो गया है। निहंगों के उत्तराखंड कूच के ऐलान के मद्देनजर देहरादून जिले से लगती हिमाचल प्रदेश और उत्तर प्रदेश की सीमाओं पर हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है। राज्य की संवेदनशील सीमाओं पर सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद करते हुए भारी पुलिस बल और अर्धसैनिक बलों की तैनाती की गई है।
कुल्हाल और डाकपत्थर क्षेत्रों में अभेद्य सुरक्षा
हिमाचल प्रदेश से सटे विकासनगर क्षेत्र के कुल्हाल बॉर्डर पर सुरक्षा के सबसे कड़े इंतजाम दिखाई दे रहे हैं। यहाँ बड़ी संख्या में उत्तराखंड पुलिस के साथ भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) के जवान मोर्चा संभाले हुए हैं। इसके साथ ही, उत्तराखंड और हिमाचल के बीच आवाजाही के प्रमुख संपर्क मार्ग माने जाने वाले डाकपत्थर पुल और डाकपत्थर बैराज क्षेत्र में भी अतिरिक्त बलों की तैनाती की गई है।
रातभर चला सघन तलाशी अभियान
देर रात से लेकर सुबह तड़के तक पुलिस और सुरक्षा बलों की अलग-अलग टीमें विकासनगर के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में गश्त करती रहीं। क्षेत्राधिकारियों (CO) के नेतृत्व में चलाए जा रहे इस अभियान के तहत अंतरराज्यीय और अंतर्जनपदीय सीमाओं समेत प्रमुख आंतरिक मार्गों पर आने-जाने वाले सभी वाहनों की बारीकी से जांच की जा रही है। संदिग्ध परिस्थितियों में घूम रहे लोगों से पूछताछ की जा रही है और उनके सत्यापन (Verification) संबंधी दस्तावेज जांचे जा रहे हैं।
बिना अनुमति किसी को प्रवेश नहीं: एसएसपी
सुरक्षा व्यवस्था की कमान खुद पुलिस के आला अधिकारियों ने संभाल रखी है। कुल्हाल बॉर्डर पर एसपी देहात (SP Rural) पंकज गैरोला और विकासनगर कोतवाल राजीव रौथाण स्वयं मौजूद रहकर सुरक्षा प्रबंधों की निगरानी कर रहे हैं।
देहरादून के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) प्रमेंद्र डोबाल ने स्पष्ट किया है कि किसी भी समूह या संगठन को बिना आवश्यक जांच और उचित अनुमति के उत्तराखंड की सीमा में प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा। सीमावर्ती क्षेत्रों में सुरक्षा और खुफिया एजेंसियां हर छोटी-बड़ी गतिविधि पर पैनी नजर रख रही हैं।
पुलिस ने की अफवाहों से बचने की अपील
पुलिस प्रशासन ने इस सुरक्षा व्यवस्था को लेकर स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा कि ये कदम किसी विशेष समुदाय या समूह को लक्षित करने के लिए नहीं उठाए गए हैं। इसका एकमात्र उद्देश्य क्षेत्र में शांति, कानून-व्यवस्था और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। दून पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों पर चल रही किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर तुरंत पुलिस को सूचित करें।
