UTTARAKHAND

गैरसैंण: विधानसभा कूच के दौरान यूकेडी कार्यकर्ताओं का जोरदार हंगामा, पुलिस ने छोड़ी वाटर कैनन; कई नेता गिरफ्तार

गैरसैंण: उत्तराखंड की ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण के भराड़ीसैंण विधानसभा भवन में एक तरफ जहां राज्यपाल का अभिभाषण चल रहा था, वहीं दूसरी तरफ विधानसभा के बाहर सड़क पर सियासी पारा गरमाया हुआ था। उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर विधानसभा की ओर कूच किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच जमकर धक्का-मुक्की हुई। बेकाबू भीड़ को रोकने के लिए पुलिस को वाटर कैनन (पानी की बौछार) का भी इस्तेमाल करना पड़ा।

तीन बैरियर तोड़े, 1 किलोमीटर पहले रोके गए प्रदर्शनकारी
यूकेडी कार्यकर्ता दिवालीखाल (भराड़ीसैंण विधानसभा का प्रवेश द्वार) पर एकत्रित हुए और सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी करते हुए आगे बढ़े। प्रदर्शनकारियों का आक्रोश इतना था कि उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था को धता बताते हुए तीन बैरिकेडिंग तोड़ डाले। पुलिस ने उन्हें रोकने के लिए वाटर कैनन का प्रयोग किया, लेकिन वे नहीं रुके। कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस ने उन्हें विधानसभा से करीब 1 किलोमीटर पहले रोक लिया। इसके बाद प्रदर्शनकारी वहीं सड़क पर धरने पर बैठ गए और विधानसभा जाने की जिद पर अड़े रहे। वाटर कैनन चलाए जाने से नाराज कार्यकर्ताओं ने पुलिस-प्रशासन को जमकर खरी-खोटी भी सुनाई।

क्या हैं यूकेडी की प्रमुख मांगें?
यूकेडी कार्यकर्ताओं ने सरकार के सामने मुख्य रूप से ये मांगें रखीं:

  • गैरसैंण को उत्तराखंड की स्थायी राजधानी घोषित किया जाए।
  • पहाड़ों से हो रहे लगातार पलायन पर रोक लगाई जाए।
  • जंगली जानवरों के बढ़ते हमलों से जनता को निजात दिलाई जाए।
  • पर्वतीय क्षेत्रों में शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ किया जाए।

नेताओं का सरकार और विधायकों पर तीखा हमला
यूकेडी युवा मोर्चा के केंद्रीय अध्यक्ष आशीष नेगी ने कहा, “गैरसैंण को स्थायी राजधानी बनाना हमारी संवैधानिक मांग है। इस मांग के लिए 42 लोगों ने अपनी शहादत दी थी, तब जाकर राज्य बना था। आज शहादतों की बदौलत बने इस राज्य में नेता मौज काट रहे हैं, जबकि पहाड़ का आम आदमी स्वास्थ्य सेवाओं के अभाव और जंगली जानवरों के हमलों के कारण दम तोड़ रहा है।”

वहीं, पूर्व विधायक पुष्पेश त्रिपाठी ने भी विधायकों को आड़े हाथों लेते हुए कहा, “अब राजधानी छीन कर लेने का वक्त आ गया है। जो विधायक पहाड़ से चुनाव जीतते हैं और बाद में देहरादून या हल्द्वानी में जाकर बस जाते हैं, उनसे सवाल करने का समय है। आज भाजपा और कांग्रेस के नेता प्रॉपर्टी डीलिंग का काम कर रहे हैं और पहाड़ की भोली-भाली जनता को ठग रहे हैं।”

कई कार्यकर्ता गिरफ्तार, अस्थायी जेल भेजे गए
लगातार बढ़ते हंगामे और जोर-आजमाइश के बीच पुलिस ने कार्रवाई करते हुए यूकेडी युवा मोर्चा के अध्यक्ष आशीष नेगी समेत सैकड़ों कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आशीष नेगी और कुछ अन्य प्रदर्शनकारियों को जंगलचट्टी स्थित अस्थायी जेल भेज दिया है, जबकि अन्य कार्यकर्ताओं को मेहलचोरी अस्थायी जेल ले जाया गया है। क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात है और स्थिति तनावपूर्ण लेकिन नियंत्रण में है।

Tv10 India

Recent Posts

भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा सख्त, SSP ने ग्रामीणों संग लगाई चौपाल

भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा सख्त, SSP ने ग्रामीणों संग लगाई चौपालऔचक निरीक्षण: एसएसपी अजय गणपति…

8 hours ago

ऊधमसिंह नगर में कच्ची शराब माफियाओं पर ‘सर्जिकल स्ट्राइक’, एसएसपी के हंटर से थर्राए तस्कर

​बड़ी कार्रवाई: एक हफ्ते के विशेष अभियान में 127 गिरफ्तार, 1.5 लाख लीटर लहन किया…

8 hours ago

देहरादून: शक के चलते सिरफिरे आशिक ने प्रेमिका पर किया चाकू से जानलेवा हमला, गले पर लगे 60 टांके; आरोपी गिरफ्तार

देहरादून: राजधानी देहरादून के क्लेमेंट टाउन इलाके में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई…

15 hours ago

गैरसैंण बजट सत्र 2026: राज्यपाल गुरमीत सिंह का अभिभाषण, विकास, पर्यटन और रोजगार पर फोकस

भराड़ीसैंण (गैरसैंण): उत्तराखंड विधानसभा के बजट सत्र की शुरुआत सोमवार, 9 मार्च को गैरसैंण स्थित…

16 hours ago

गैरसैंण में बजट सत्र शुरू: राज्यपाल के अभिभाषण के साथ हंगामे की शुरुआत, विपक्ष का प्रदर्शन; जानें क्यों नाराज है कांग्रेस?

गैरसैंण। उत्तराखंड विधानसभा का बजट सत्र सोमवार को भराड़ीसैंण (गैरसैंण) में राज्यपाल के अभिभाषण के साथ…

16 hours ago

हरिद्वार में भीषण सड़क हादसा: हाईवे पर 4 वाहनों की टक्कर के बाद लगी आग, बस जलकर खाक; 1 महिला की मौत, 15 घायल

हरिद्वार। देहरादून-हरिद्वार हाईवे पर रविवार देर रात एक भीषण हादसा हो गया। मोतीचूर फ्लाईओवर पर तेज…

16 hours ago