UTTARAKHAND

सीएम धामी का अधिकारियों को अल्टीमेटम: आपदा राहत में तेजी, कानून व्यवस्था पर सख्ती और सुगम हो चारधाम यात्रा

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को आपदा प्रबंधन, कानून व्यवस्था और चारधाम यात्रा समेत विभिन्न मुद्दों पर अधिकारियों को कड़े दिशा-निर्देश दिए। मुख्यमंत्री आवास पर शासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों तथा वर्चुअली जुड़े सभी जिलाधिकारियों के साथ हुई इस उच्चस्तरीय बैठक में मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता जनता को तत्काल राहत, सुरक्षा और सुविधाएं प्रदान करना है और इसमें किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

आपदा प्रबंधन और राहत कार्यों में तेजी के निर्देश

मुख्यमंत्री ने मानसून के प्रभाव को देखते हुए अधिकारियों को वर्षा काल समाप्त होने तक राहत सामग्री और सूखे राशन की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि आपदा प्रभावितों के लिए रहने, भोजन और अन्य जरूरी सुविधाओं की समुचित व्यवस्था की जाए। सीएम ने फसलों, पेयजल लाइनों और सरकारी संपत्ति को हुए नुकसान का तत्काल आकलन कर रिपोर्ट शासन को भेजने के भी निर्देश दिए। उन्होंने नदी-नालों के पास निर्माण पर लगे प्रतिबंध को सख्ती से लागू करने की चेतावनी देते हुए कहा कि इसका उल्लंघन करने वाले अधिकारियों की जिम्मेदारी तय कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

स्वास्थ्य सेवाओं पर फोकस, डेंगू-मलेरिया पर रखें नजर

प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर मुख्यमंत्री ने सभी जिलाधिकारियों को समय-समय पर अस्पतालों का निरीक्षण करने और व्यवस्थाओं का जायजा लेने का निर्देश दिया। उन्होंने विशेष रूप से डेंगू, मलेरिया और अन्य जलजनित रोगों से बचाव के लिए अस्पतालों में सभी आवश्यक व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने को कहा। इसके लिए सभी जिलाधिकारियों को अपने-अपने जिलों में स्वास्थ्य विभाग के साथ शीघ्र बैठक करने के निर्देश दिए गए हैं।

कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई

मुख्यमंत्री धामी ने कानून व्यवस्था की समीक्षा करते हुए कहा कि शांति भंग करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए। उन्होंने बाहरी व्यक्तियों और संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए। सीमावर्ती क्षेत्रों में चेकिंग और सख्ती बढ़ाने पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि अनधिकृत आधार कार्ड और वोटर आईडी जारी करने वालों पर भी नियमित कार्रवाई की जाए। इसके अतिरिक्त, गौवंश संरक्षण के लिए प्रभावी कदम उठाने के भी निर्देश दिए गए।

चारधाम यात्रा और विकास कार्यों की समीक्षा

मानसून के बाद चारधाम यात्रा को फिर से सुचारू रूप से संचालित करने पर जोर देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यात्रा पूरी सतर्कता के साथ चले और श्रद्धालुओं को खराब मौसम की जानकारी समय पर उपलब्ध कराई जाए। विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए उन्होंने सभी जिलाधिकारियों को मुख्यमंत्री घोषणाओं और चालू कार्यों की रिपोर्ट 15 दिनों के भीतर मुख्यमंत्री कार्यालय को भेजने का निर्देश दिया। साथ ही, जनता से सीधा संवाद स्थापित करने के लिए ग्राम चौपाल, तहसील दिवस और जनसुनवाई जैसे कार्यक्रमों का नियमित आयोजन करने को कहा।

‘सेवा पखवाड़ा’ की तैयारियों में जुटें अधिकारी

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस (17 सितंबर) से गांधी जयंती (2 अक्टूबर) तक चलने वाले ‘सेवा पखवाड़ा’ कार्यक्रम की विस्तृत तैयारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस दौरान ‘सेवा, स्वच्छता और जनसुविधा’ की थीम पर काम किया जाए। उन्होंने क्षतिग्रस्त सड़कों को गड्ढा मुक्त करने और स्वच्छता अभियानों में जिलाधिकारियों को स्वयं भाग लेने के लिए भी प्रोत्साहित किया।

Tv10 India

Recent Posts

कुंभ-2027 की तैयारी: हरिद्वार में अब ‘हेलीपैड’ वाला बनेगा नया कंट्रोल रूम, सुखी नदी पर बनेंगे दो आधुनिक पुल

हरिद्वार। हरिद्वार में 2027 में होने वाले कुंभ मेले की तैयारियों ने रफ्तार पकड़ ली है।…

19 hours ago

कुंभ-2027: हरिद्वार में 50.27 करोड़ के विकास कार्यों को मंजूरी, सीएम धामी ने दिए निर्माण में तेजी के निर्देश

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश के समग्र विकास और आगामी कुंभ मेला-2027 की…

19 hours ago

उत्तराखंड: चीन सीमा की ‘नीती घाटी’ में गूँजेगी धावकों की पदचाप, पहली बार होगा अंतरराष्ट्रीय ‘नीती एक्ट्रीम अल्ट्रा रन’

जोशीमठ: उत्तराखंड का पर्यटन विभाग राज्य के सीमांत क्षेत्रों को साहसिक पर्यटन (एडवेंचर टूरिज्म) के…

20 hours ago

उत्तराखंड में कुदरत का कहर: बारिश से दरके पहाड़, बदरीनाथ-गंगोत्री समेत कई हाईवे बंद

सार : तीन दिन की बर्फबारी के बाद हालांकि आज धूप खिली है, लेकिन रास्ते…

2 days ago

उत्तराखंड के 5 जिलों में हिमस्खलन का अलर्ट: उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ में ‘डेंजर लेवल-3’, प्रशासन को अलर्ट रहने के निर्देश

राज्य के उच्च हिमालयी क्षेत्रों में बर्फबारी और हिमस्खलन की आशंका जताई गई है। उत्तरकाशी,…

2 days ago

धामी का ‘मिशन 2027’: मंत्रिमंडल विस्तार के साथ ही साफ हुआ भाजपा का चेहरा, चुनाव से पहले भरी कैबिनेट

देहरादून। चार साल के लंबे इंतजार के बाद आखिरकार उत्तराखंड की धामी सरकार का मंत्रिमंडल पूरी…

2 days ago