UTTARAKHAND

जय बाबा केदार: ओंकारेश्वर मंदिर में विराजे बाबा केदार, छह माह तक यहीं होगी शीतकालीन पूजा

ऊखीमठ/रुद्रप्रयाग: उत्साह, उमंग और हर-हर महादेव के जयकारों के बीच, भगवान केदारनाथ की पंचमुखी चल विग्रह उत्सव डोली शनिवार को अपने शीतकालीन गद्दीस्थल ओंकारेश्वर मंदिर, ऊखीमठ में विराजमान हो गई है। सेना के बैंड की भक्तिमय धुनों और हजारों श्रद्धालुओं की मौजूदगी में डोली के मंदिर परिसर में प्रवेश करते ही पूरा माहौल शिवमय हो गया। अब अगले छह माह तक श्रद्धालु अपने आराध्य बाबा केदार के दर्शन और पूजा-अर्चना यहीं ओंकारेश्वर मंदिर में कर सकेंगे

भैया दूज के पावन पर्व पर 23 अक्टूबर को केदारनाथ धाम के कपाट शीतकाल के लिए बंद होने के बाद बाबा केदार की डोली ने ऊखीमठ के लिए प्रस्थान किया था। यात्रा के पहले दिन डोली रामपुर में रात्रि विश्राम के बाद अगले दिन विभिन्न पड़ावों से होते हुए गुप्तकाशी के विश्वनाथ मंदिर पहुँची थी।

शनिवार सुबह गुप्तकाशी स्थित विश्वनाथ मंदिर में वेदपाठियों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ भगवान केदारनाथ की स्तुति की गई और विशेष पूजा-अर्चना संपन्न हुई। इसके बाद सुबह करीब साढ़े आठ बजे सैकड़ों भक्तों के जयकारों के बीच पंचमुखी डोली ने अपने अंतिम पड़ाव ओंकारेश्वर मंदिर के लिए प्रस्थान किया। यात्रा मार्ग में सेमी-भैंसारी, विद्यापीठ, तलचुन्नी, फाटा, ब्यूंग और नारायणकोटी जैसे स्थानों पर भक्तों ने पुष्प वर्षा और सामूहिक अर्घ्य लगाकर डोली का भव्य स्वागत किया।

अपराह्न में जैसे ही डोली ओंकारेश्वर मंदिर परिसर में पहुंची, भक्तों का उत्साह चरम पर पहुंच गया। ‘जय बाबा केदार’ और ‘हर-हर महादेव’ के उद्घोष से संपूर्ण ऊखीमठ क्षेत्र गुंजायमान हो उठा। स्थानीय महिलाओं ने मंगल गीतों के साथ बाबा का स्वागत किया। मंदिर की परिक्रमा के बाद, रावल भीमाशंकर लिंग की उपस्थिति में मुख्य पुजारी बागेश लिंग ने विधि-विधान के साथ पंचमुखी भोग मूर्ति को मंदिर के गर्भगृह में स्थापित किया, जिसके साथ ही बाबा केदार की शीतकालीन पूजा भी आरंभ हो गई।

इस अवसर पर बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के दिशा-निर्देशों के तहत शीतकालीन यात्रा को प्रोत्साहित किया जाएगा। उन्होंने श्रद्धालुओं से ऊखीमठ पहुंचकर भगवान केदारनाथ की शीतकालीन पूजाओं में शामिल होने की अपील की। केदारनाथ की विधायक आशा नौटियाल भी इस दौरान मौजूद रहीं और उन्होंने शीतकालीन यात्रा के सफल संचालन के लिए पूरी तैयारी होने की बात कही।

Tv10 India

Recent Posts

कुंभ-2027 की तैयारी: हरिद्वार में अब ‘हेलीपैड’ वाला बनेगा नया कंट्रोल रूम, सुखी नदी पर बनेंगे दो आधुनिक पुल

हरिद्वार। हरिद्वार में 2027 में होने वाले कुंभ मेले की तैयारियों ने रफ्तार पकड़ ली है।…

16 hours ago

कुंभ-2027: हरिद्वार में 50.27 करोड़ के विकास कार्यों को मंजूरी, सीएम धामी ने दिए निर्माण में तेजी के निर्देश

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश के समग्र विकास और आगामी कुंभ मेला-2027 की…

16 hours ago

उत्तराखंड: चीन सीमा की ‘नीती घाटी’ में गूँजेगी धावकों की पदचाप, पहली बार होगा अंतरराष्ट्रीय ‘नीती एक्ट्रीम अल्ट्रा रन’

जोशीमठ: उत्तराखंड का पर्यटन विभाग राज्य के सीमांत क्षेत्रों को साहसिक पर्यटन (एडवेंचर टूरिज्म) के…

17 hours ago

उत्तराखंड में कुदरत का कहर: बारिश से दरके पहाड़, बदरीनाथ-गंगोत्री समेत कई हाईवे बंद

सार : तीन दिन की बर्फबारी के बाद हालांकि आज धूप खिली है, लेकिन रास्ते…

1 day ago

उत्तराखंड के 5 जिलों में हिमस्खलन का अलर्ट: उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ में ‘डेंजर लेवल-3’, प्रशासन को अलर्ट रहने के निर्देश

राज्य के उच्च हिमालयी क्षेत्रों में बर्फबारी और हिमस्खलन की आशंका जताई गई है। उत्तरकाशी,…

1 day ago

धामी का ‘मिशन 2027’: मंत्रिमंडल विस्तार के साथ ही साफ हुआ भाजपा का चेहरा, चुनाव से पहले भरी कैबिनेट

देहरादून। चार साल के लंबे इंतजार के बाद आखिरकार उत्तराखंड की धामी सरकार का मंत्रिमंडल पूरी…

1 day ago