
देहरादून: राजधानी के पटेल नगर थाना क्षेत्र में प्रतिशोध और सनक का एक खौफनाक मामला सामने आया है। यहां सात साल पहले शादी का रिश्ता टूटने से नाराज एक युवक ने लड़की के घर पहुंचकर उसकी मां और भाई पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। स्थानीय लोगों की बहादुरी से आरोपी को मौके पर ही दबोच लिया गया। पुलिस ने राजस्थान निवासी आरोपी को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया है।
क्या है पूरी घटना?
घटना मंगलवार रात की है। शिमला बाईपास स्थित रोहिणी एन्क्लेव में रहने वाले एक परिवार के घर राजस्थान निवासी जयेश कुमार पहुंचा। जयेश साल 2019 में परिवार की बेटी का दोस्त था और तब अपने माता-पिता के साथ शादी का प्रस्ताव लेकर आया था। हालांकि, लड़की के परिजनों ने तब शादी से इनकार कर दिया था, जिसके बाद दोनों पक्षों का संपर्क टूट गया था।
शादी का कार्ड दिखाने के बहाने रची साजिश
आरोपी जयेश मंगलवार रात करीब 8 बजे अचानक पीड़ित के घर पहुंचा। उसने परिवार को बताया कि उसकी शादी तय हो गई है और 28 मई को निकाह/शादी है। बातचीत के बाद उसने लड़की के भाई से अनुरोध किया कि वह उसे आईएसबीटी (ISBT) तक छोड़ दे। भाई उसे अपनी गाड़ी से छोड़ने निकल पड़ा। रास्ते में जयेश ने शराब के ठेके से बियर ली और कार में ही पीने लगा।
चाकू की नोक पर घर वापस लाया और किया हमला
रास्ते में अचानक जयेश ने युवक की गर्दन पर चाकू रख दिया और जान से मारने की धमकी देते हुए उसे वापस घर चलने को मजबूर किया। डर के मारे भाई गाड़ी वापस घर ले आया। जैसे ही गाड़ी घर के पास रुकी, वहां नीचे खड़ी उसकी मां को देखते ही जयेश गाली-गलौज करने लगा। इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता, उसने मां और बेटे दोनों पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
लोगों ने दबोचा, पुलिस ने भेजा जेल
चीख-पुकार सुनकर आसपास के पड़ोसी मौके पर जमा हो गए। लोगों ने हिम्मत दिखाते हुए आरोपी जयेश को दबोच लिया और उसकी जमकर धुनाई करने के बाद पुलिस के हवाले कर दिया। पटेल नगर कोतवाली प्रभारी विनोद गुसाई ने बताया कि आरोपी जयेश कुमार के खिलाफ जानलेवा हमले (Attempt to Murder) की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। वारदात में इस्तेमाल चाकू भी बरामद कर लिया गया है।
