
देहरादून। भारतीय सैन्य अकादमी (IMA) में आगामी 13 जून को आयोजित होने वाली पासिंग आउट परेड (POP) में देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगी। राष्ट्रपति के देहरादून आगमन और प्रवास कार्यक्रम को देखते हुए राजधानी की सुरक्षा व्यवस्था को पूरी तरह से कड़ा कर दिया गया है। सुरक्षा कारणों से पूरे कार्यक्रम क्षेत्र और इसके आसपास के हवाई क्षेत्र को ‘नो ड्रोन जोन’ घोषित किया गया है। इस दौरान किसी भी प्रकार के निजी या व्यावसायिक ड्रोन उड़ाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
सुरक्षा के साथ-साथ वीवीआईपी मूवमेंट को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने 12 जून से ही शहर में भारी वाहनों और सामान्य यातायात के लिए ट्रैफिक एडवाइजरी (रूट डायवर्जन प्लान) जारी की है।
होटल-धर्मशालाओं में चेकिंग, संदिग्धों पर नजर
देहरादून के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) प्रमेंद्र डोबाल ने बताया कि राष्ट्रपति के दौरे के मद्देनजर सुरक्षा में तैनात रहने वाले पुलिस बल की उच्च स्तरीय ब्रीफिंग की जा चुकी है। सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में पड़ने वाले होटलों, लॉज, धर्मशालाओं, मुख्य बस स्टेशनों और रेलवे स्टेशनों पर दिन-रात सघन चेकिंग अभियान चलाएं। बाहरी और संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान कर उनके सत्यापन की कार्रवाई की जा रही है।
ट्रैफिक एडवाइजरी: घर से निकलने से पहले देख लें ये रूट प्लान
वीवीआईपी भ्रमण के दौरान आम जनता को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए पुलिस ने विभिन्न मार्गों के लिए डाइवर्जन प्लान तैयार किया है:
- ऋषिकेश और भानियावाला से देहरादून शहर आने वाले वाहन: रानीपोखरी भोगपुर से थानों मार्ग होते हुए 6 नंबर पुलिया, सहस्रधारा क्रासिंग, सर्वे चौक से होते हुए शहर में प्रवेश कर सकेंगे।
- ऋषिकेश से मसूरी जाने वाले वाहन: इन वाहनों को रानीपोखरी भोगपुर से थानों होते हुए 6 नंबर पुलिया, सहस्रधारा क्रासिंग, आईटी पार्क और साईं मंदिर होते हुए मसूरी भेजा जाएगा।
- हरिद्वार से देहरादून शहर आने वाले वाहन: हरिद्वार की ओर से आने वाले वाहनों को भानियावाला फ्लाईओवर की सर्विस लेन से डोईवाला चौक और फिर दूधली मार्ग की तरफ डायवर्ट किया जाएगा, जो कारगी चौक से होते हुए देहरादून शहर में प्रवेश करेंगे।
- हरिद्वार से मसूरी जाने वाले वाहन: ये वाहन भानियावाला फ्लाईओवर सर्विस लेन से डोईवाला चौक, दूधली मार्ग, कारगी चौक, आईएसबीटी, शिमला बाईपास, जीएमएस रोड, कैंट और अनारवाला मार्ग होते हुए मसूरी जा सकेंगे।
- आशारोड़ी और प्रेमनगर से मसूरी जाने वाले वाहन: इन्हें आईएसबीटी से शिमला बाईपास, जीएमएस रोड, बल्लूपुर चौक, कैंट और अनारवाला होते हुए मसूरी भेजा जाएगा।
- देहरादून शहर से हरिद्वार और ऋषिकेश जाने वाले वाहन: शहर से बाहर जाने वाले वाहन कारगी चौक से दूधली मार्ग होकर डोईवाला चौक, भानियावाला सर्विस लेन, लालतप्पड़ और नेपाली फार्म तिराहा होते हुए ऋषिकेश या हरिद्वार जा सकेंगे।
- मसूरी से हरिद्वार और ऋषिकेश जाने वाले वाहन: इन वाहनों को कुठाल गेट से ओल्ड मसूरी रोड, साईं मन्दिर, काठ बंगला पुल, किरशाली चौक, आईटी पार्क, सहस्रधारा क्रासिंग, 6 नंबर पुलिया और महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज से थानो रोड की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
प्रमुख डायवर्ट पॉइंट्स (जहां से रूट बदला जाएगा):
- भोगपुर तिराहा (रानीपोखरी)
- कारगी चौक
- सहस्रधारा क्रासिंग
- भानियावाला फ्लाईओवर
- शिमला बाईपास चौक
- साईं मन्दिर (राजपुर रोड)
- डोईवाला थाने से 100 मीटर पहले दूधली रोड
