
देहरादून: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी आगामी 17 जुलाई को उत्तराखंड के दौरे पर आ रहे हैं. वे देहरादून के ऐतिहासिक परेड ग्राउंड में आयोजित होने वाले ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के तहत राज्य के हजारों छात्रों और युवाओं से सीधा संवाद करेंगे. इस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए उत्तराखंड कांग्रेस और युवा कांग्रेस ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं.
भीड़ जुटाने और कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने के लिए कांग्रेस पार्टी ने विभिन्न विश्वविद्यालयों और कॉलेजों के पूर्व व वर्तमान छात्र संघ अध्यक्षों को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी हैं.
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर आयोजित बैठक के बाद बताया कि राहुल गांधी 17 जुलाई को शाम 5 से 6 बजे के आसपास परेड ग्राउंड पहुंचेंगे. यह पूरी तरह से एक गैर-राजनीतिक संवाद कार्यक्रम होगा, जिसमें मुख्य रूप से शिक्षा व्यवस्था, रोजगार की कमी और प्रतियोगी परीक्षाओं में हो रहे पेपर लीक जैसे गंभीर मुद्दों पर चर्चा की जाएगी.
गणेश गोदियाल ने कहा, “आज के युवा परीक्षाओं के लिए दिन-रात कड़ी मेहनत करते हैं, लेकिन परीक्षा के ठीक समय पर पेपर लीक हो जाता है. इससे छात्रों का भविष्य अंधकार में जा रहा है. पेपर लीक के मामलों को कैसे रोका जाए, सरकार को इसके खिलाफ क्या कड़े कदम उठाने चाहिए और खुद छात्र इसमें कैसे जागरूक हो सकते हैं— इन्हीं सभी जरूरी विषयों पर राहुल गांधी छात्रों के साथ विचार साझा करेंगे.” उन्होंने राज्य के युवाओं और छात्रों से भारी संख्या में परेड ग्राउंड पहुंचकर इस संवाद का हिस्सा बनने की अपील की है.
लगातार तीन बार डीएवी पीजी कॉलेज के छात्र संघ अध्यक्ष रहे वरिष्ठ छात्र नेता वीरेंद्र पोखरियाल ने बताया कि 17 जुलाई को होने वाले इस कार्यक्रम को लेकर छात्र वर्ग में भारी उत्साह है. कांग्रेसी कार्यकर्ताओं और छात्र संगठनों ने मिलकर परेड ग्राउंड में लगभग 12 से 15 हजार छात्रों और युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने का लक्ष्य रखा है.
पोखरियाल ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि वर्तमान सरकार युवाओं के भविष्य के साथ लगातार खिलवाड़ कर रही है. प्रदेश में सरकारी नौकरियों की परीक्षाओं में लगातार अनियमितताएं और पेपर लीक के मामले सामने आए हैं. ऐसे में राहुल गांधी का यह दौरा उत्तराखंड के युवाओं के हितों की रक्षा के लिए एक बड़ा मील का पत्थर साबित होगा.
यह कार्यक्रम कांग्रेस के देशव्यापी अभियान ‘छात्रों की गूंज’ का हिस्सा है, जिसकी शुरुआत राजस्थान के कोटा से की गई थी. कोटा के बाद अब उत्तराखंड के देहरादून से इस अभियान के जरिए युवाओं के अधिकारों और शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग बुलंद की जाएगी. युवा कांग्रेस और एनएसयूआई (NSUI) के पदाधिकारी लगातार बैठकें कर जिला और ब्लॉक स्तर पर छात्रों से संपर्क साध रहे हैं ताकि कार्यक्रम को पूरी तरह से सफल बनाया जा सके.
