- राष्ट्रीय लोक मोर्चा (RLM) आगामी उत्तराखंड विधानसभा चुनाव में एनडीए के समर्थन में उतरेगी
- राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एके बाजपेई ने देहरादून में की घोषणा; संगठन विस्तार पर जोर
- समाजवादी विचारधारा के साथ अंतिम व्यक्ति तक विकास योजनाएँ पहुँचाने का लक्ष्य
- गठबंधन में सीट शेयरिंग की संभावनाओं पर भी बातचीत का रास्ता खुला रखा

देहरादून। उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव की सुगबुगाहट के बीच राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। एनडीए (NDA) को प्रदेश में और अधिक मजबूती देने के लिए पूर्व केंद्रीय मंत्री उपेंद्र कुशवाहा के नेतृत्व वाले घटक दल राष्ट्रीय लोक मोर्चा (RLM) ने उत्तराखंड में अपनी औपचारिक दस्तक दे दी है। पार्टी आगामी विधानसभा चुनावों में एनडीए गठबंधन और भारतीय जनता पार्टी (BJP) के समर्थन में पूरी ताकत के साथ चुनावी मैदान में उतरेगी।
देहरादून में पत्रकारों से बात करते हुए राष्ट्रीय लोक मोर्चा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एके बाजपेई ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा के नेतृत्व में दल लगातार देशभर में संगठन का विस्तार कर रहा है। RLM एनडीए के एक प्रतिबद्ध और प्रभावशाली सहयोगी के रूप में अपनी पहचान बना रहा है।
उन्होंने कहा, “हमारी मंशा पूरे देश में पार्टी की उपस्थिति दर्ज कराने की है। उत्तराखंड के आगामी विधानसभा चुनाव में हम पूरी संगठनात्मक मजबूती, समर्पण और ताकत के साथ एनडीए के पक्ष में उतरेंगे। सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुँचाना हमारा मुख्य उद्देश्य होगा।”
पार्टी की विचारधारा को रेखांकित करते हुए एके बाजपेई ने कहा कि राष्ट्रीय लोक मोर्चा हमेशा से समाजवादी विचारधारा का पक्षधर रहा है। पार्टी समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति के उत्थान और भलाई के लिए काम करती है। उत्तराखंड में भी इसी सोच को आगे बढ़ाया जाएगा, ताकि राज्य में चल रहे विकास कार्यों को और गति दी जा सके।
एनडीए गठबंधन के तहत चुनाव लड़ने की रणनीति पर बात करते हुए राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि पार्टी का प्राथमिक लक्ष्य उत्तराखंड में भाजपा और एनडीए को जीत दिलाना है। हालाँकि, उन्होंने यह भी जोड़ा कि जिन विधानसभा सीटों पर पार्टी का संगठन मजबूत है और जहाँ चुनाव लड़ने की संभावनाएं दिखेंगी, वहाँ एनडीए नेतृत्व के साथ आपस में बैठकर बातचीत और विचार किया जा सकता है।उन्होंने दोहराया कि RLM पूरे दमखम के साथ उत्तराखंड में चुनावी मैदान में सक्रिय भूमिका निभाएगी।
