
चमोली (उत्तराखंड)। विश्व प्रसिद्ध बदरीनाथ धाम स्थित ‘ब्रह्मर्षि साधना संघ आश्रम’ से भगवान नारायण का लगभग 5 लाख रुपये मूल्य का स्वर्ण मणि जड़ित मुकुट चोरी होने के सनसनीखेज मामले का चमोली पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी साधु को गिरफ्तार कर उसके पास से चोरी गया मुकुट, नकदी और वारदात में प्रयुक्त बैग बरामद कर लिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, बदरीनाथ स्थित ब्रह्मकपाल के ब्रह्मर्षि साधना संघ आश्रम के ब्रह्मचारी भगवत दास ने 27 जुलाई को बदरीनाथ कोतवाली में तहरीर दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया था कि आश्रम में ठहरा साधु राघवदास 24 जुलाई की रात मंदिर से भगवान नारायण का कीमती स्वर्ण मणि जड़ित मुकुट और नकदी चोरी कर फरार हो गया था। पुलिस ने शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 305(ए) के तहत मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू की थी।
धार्मिक आस्था से जुड़े इस संवेदनशील मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक (SP) चमोली सुरजीत सिंह पंवार ने तुरंत एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया। तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिर तंत्र और लगातार छापेमारी के जरिए पुलिस ने आरोपी की तलाश तेज की।
29 जुलाई को मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर पुलिस ने बद्रीश गंगा वाटिका गेट (हनुमानचट्टी रोड) के पास घेराबंदी की। पुलिस को देखकर भागने की कोशिश कर रहे आरोपी राघवराम पाठक उर्फ राघवदास (57 वर्ष), निवासी ग्राम मुनीमपुर, थाना भिनगा, जनपद श्रावस्ती (उत्तर प्रदेश) को मौके पर ही धर दबोचा गया।
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी गया सोने का मुकुट, चोरी की रकम में से 4,500 रुपये नकद और घटना में इस्तेमाल किया गया काला बैग बरामद किया। कड़ी पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि उसने मंदिर से मुकुट चुराने के साथ ही आश्रम में ठहरे प्रभुदास नामक श्रद्धालु के बैग से नकदी भी साफ की थी।
“धार्मिक स्थलों पर होने वाली घटनाओं को पुलिस और प्रशासन बेहद गंभीरता से लेता है। 27 जुलाई को मिली शिकायत के बाद अलग-अलग टीमें गठित की गईं। 29 जुलाई को आरोपी को गिरफ्तार कर मुकुट और नकदी बरामद कर ली गई है। मामले में धारा 317(2) BNS भी बढ़ा दी गई है।”— सुरजीत सिंह पंवार, पुलिस अधीक्षक (चमोली)
सामग्री बरामदगी के बाद पुलिस ने दर्ज मुकदमे में BNS की धारा 317(2) की बढ़ोतरी करते हुए आरोपी को न्यायालय में पेश करने की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस सफल कार्रवाई में विवेचक उपनिरीक्षक भूपेंद्र प्रसाद, हेड कांस्टेबल चंदन सिंह नगरकोटी, कांस्टेबल विकास जुयाल, आशुतोष तिवारी, राजेंद्र रावत, गौरव रावत और शीशपाल सिंह शामिल रहे। चमोली पुलिस ने स्पष्ट किया है कि धार्मिक स्थलों की सुरक्षा और मर्यादा से खिलवाड़ करने वाले किसी भी अपराधी के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।
